BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

खाली पैर-साड़ी में दौड़ी कविता, जयराम महतो ने बढ़ाया मदद का हाथ


होमगार्ड की तैयारी में जुटी युवती को उपलब्ध कराया खेल सामग्री और दौड़ के जरूरी सामान

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

रामगढ़। दुलमी प्रखंड के सोसो गांव निवासी कविता महतो के संघर्ष और जज्बे ने लोगों का ध्यान खींचा है। होमगार्ड चयन की तैयारी के लिए खाली पैर और साड़ी में दौड़ती कविता की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डुमरी विधायक सह झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के सुप्रीमो टाइगर जयराम महतो ने उनकी मदद के लिए पहल की।

पलामू दौरे के बीच फोन कर बढ़ाया हौसला

इसकी जानकारी मिलने पर जयराम महतो ने पलामू दौरे के दौरान ही कविता महतो से फोन पर बात की। उन्होंने कविता के जज्बे की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया और दौड़ की तैयारी के लिए जरूरी सामान उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

जूते से लेकर ट्रैक सूट तक उपलब्ध कराया

जयराम महतो के निर्देश पर जेएलकेएम नेत्री लीलावती महतो, रूपा महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष आनंद कटियार और जग्गी भाई कविता महतो के घर पहुंचे। टीम ने उन्हें ब्रांडेड स्पोर्ट्स जूता, ट्रैक सूट, टी-शर्ट, ट्राउजर सहित दौड़ और खेल अभ्यास के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई।

‘संसाधनों की कमी सपनों के रास्ते में बाधा न बने’

जयराम महतो ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद कविता जिस लगन और मेहनत से अपने लक्ष्य की तैयारी कर रही हैं, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले युवाओं के सपनों के रास्ते में संसाधनों की कमी बाधा नहीं बननी चाहिए।

उन्होंने कविता से कहा, “आप पूरी मेहनत और लगन से तैयारी कीजिए। संघर्ष की इस दौड़ में आप अकेली नहीं हैं, हम आपके साथ हैं।”

जेएलकेएम की इस पहल से कविता के परिवार और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने जरूरतमंद युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए किए गए इस सहयोग की सराहना की। इसकी जानकारी केंद्रीय मीडिया प्रभारी रमेश कुमार महतो ने दी।