BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पहले तो पता था चोरों की सरकार है अब पता चला की चोरी की भी सरकार है : सुधीर चंद्रवंशी


पलामू : पलामू जिला बिश्रामपुर विधानसभा प्रत्याशी कांग्रेस  के युवा नेता सुधीर चंद्रवंशी ने केंद्र की मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पहले तो लोगों को पता था कि केंद्र की मोदी सरकार चोरों की सरकार है, लेकिन अब यह भी पता चल गया है कि यह चोरी की सरकार भी है।

सुधीर चंद्रवंशी ने कहा कि जिस तरह से चुनाव आयोग के चीफ कमिश्नर ज्ञानेश कुमार ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारे पर वोट चोरी का खेल खेला है, उसका पर्दाफाश हो गया है। SIR के नाम पर और फॉर्म-6 में हेरफेर कर किस तरह से लोगों को उनके मताधिकार से वंचित किया जा रहा है और वोटों की चोरी की जा रही है, यह अब पूरे देश के सामने है। यह हरकत भारतीय लोकतंत्र के लिए बेहद शर्मनाक है और लोकतंत्र की हत्या के समान है।

उन्होंने कहा कि आज पूरा विपक्ष इस वोट चोरी के खिलाफ सड़कों पर है। कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ सभी विपक्षी दल एकजुट होकर इस अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं। यह लड़ाई सिर्फ एक चुनाव की नहीं है, यह लड़ाई देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। जब चुनाव आयोग जैसा संवैधानिक संस्था ही सरकार की कठपुतली बन जाए तो समझ लीजिए कि लोकतंत्र खतरे में है।

सुधीर चंद्रवंशी ने आगे कहा कि ज्ञानेश कुमार की इन हरकतों पर माननीय सुप्रीम कोर्ट ने भी संज्ञान लिया है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार, मोदी सरकार और ज्ञानेश कुमार को नोटिस भेज कर जवाब मांगा है। यह लोकतंत्र की पहली जीत है और इसके लिए सुप्रीम कोर्ट बधाई का पात्र है। सुप्रीम कोर्ट ने दिखा दिया है कि अभी भी इस देश में न्याय जिंदा है और लोकतंत्र के हत्यारों को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद भी किसी तरह की कोई ढील नहीं होनी चाहिए। लोकतंत्र के हत्यारे को कोई बचा ना सके, इसके लिए पूरा विपक्ष सड़कों पर आंदोलनरत है। हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक इस वोट चोर सरकार को गद्दी से नहीं उतार देते। यह सरकार जनता के वोट से नहीं, वोट की चोरी से बनी है।

कांग्रेस पार्टी के युवा, ऊर्जावान और दूरदर्शी नेता राहुल गांधी जी के नेतृत्व में पूरा विपक्ष एकजुट खड़ा है। राहुल गांधी जी ने पहले ही कहा था कि चुनाव आयोग और भाजपा मिलकर वोट चोरी कर रहे हैं, आज वह बात सच साबित हो रही है। राहुल जी ने कर्नाटक से लेकर महाराष्ट्र तक के आंकड़े देकर बताया था कि कैसे लाखों फर्जी वोट जोड़े गए और असली वोटरों के नाम काटे गए।

सुधीर चंद्रवंशी ने कहा कि देश की जनता अब सब समझ चुकी है। देश की 140 करोड़ जनता अब बदलाव चाहती है। अब यह लड़ाई गली-मोहल्ले से लेकर संसद तक लड़ी जाएगी। पलामू से भी हम इस आंदोलन को तेज करेंगे और हर घर तक जाकर लोगों को बताएंगे कि कैसे आपका वोट चुराया जा रहा है। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता वोट चोरी के खिलाफ इस आंदोलन में राहुल गांधी जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।