BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

देवघर में फिल्मी स्टाइल में ATM चोरी, गैस कटर से काटकर 500 मीटर तक घसीटा, फिर कार में लोड कर फरार


देवघर में फिल्मी स्टाइल में ATM चोरी, गैस कटर से काटकर 500 मीटर तक घसीटा, फिर कार में लोड कर फरार


अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ स्थित सेवा धाम के समीप लगे SBI के ATM में चोरों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोर पूरा का पूरा ATM मशीन ही उखाड़ ले गए।

जानकारी के अनुसार चोरों ने पहले ATM रूम का शटर तोड़ा, फिर गैस कटर से मशीन को काटकर बाहर निकाला। इसके बाद रस्सी से बांधकर मशीन को करीब 500 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गए। सुनसान जगह पर पहुंचने के बाद उसे कार में लोड किया और फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि घटना अहले सुबह करीब 3:30 बजे हुई। SBI के ATM कंट्रोलिंग ऑफिस, पटना से अलर्ट मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है।

सूचना मिलते ही PCR टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। ATM रूम और आसपास के इलाके का जायजा लिया गया। 500 मीटर तक मशीन को घसीटे जाने के निशान भी मिले हैं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

CCTV फुटेज में करीब 07 लोग वारदात को अंजाम देते दिख रहे हैं। सभी ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे 5-6 लोग मिलकर ATM मशीन को कार की डिक्की में डाल रहे हैं। पुलिस आसपास के सभी CCTV फुटेज खंगाल रही है।

बताया जाता है कि ATM की सुरक्षा में तैनात गार्ड की ड्यूटी रात 10 बजे तक ही थी। इसके बाद वह शटर बंद कर चला गया था। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर गार्ड भी मौके पर पहुंचा।

ATM में उस समय कितनी नकदी थी, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। इसकी सही जानकारी कैश डालने वाली एजेंसी या बैंक अधिकारियों से ही मिल सकेगी। आशंका जताई जा रही है कि मशीन में बड़ी रकम मौजूद थी।

लोगों में चर्चा है कि ATM उखाड़ कर ले जाने की ऐसी वारदात देवघर ही नहीं, पूरे संथाल परगना प्रमंडल में पहली बार हुई है। घटना ने शहर की कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।