“काली मां के आशीर्वाद में जिन्हें पाखंड दिखता है, उनके लिए सद्बुद्धि की कामना: पूर्व मंत्री कमलेश सिंह”
*काली कंबल वाले बाबा के शिविर में छठे दिन भी मरीजों और श्रद्धालुओं का तांता*
हुसैनाबाद, पलामू: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा काल के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत हुसैनाबाद के कर्पूरी मैदान में काली कंबल वाले बाबा के सानिध्य में आयोजित निःशुल्क आरोग्य शिविर के छठे दिन भी भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मरीजों और उनके परिजनों की लंबी कतारें लगी रहीं। दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य लाभ की उम्मीद लेकर शिविर में पहुंचे।
इस आरोग्य शिविर का आयोजन पूर्व मंत्री सह भाजपा नेता कमलेश कुमार सिंह एवं युवा नेता सूर्या सिंह के सौजन्य से किया जा रहा है। शिविर में झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
8 अक्टूबर तक जारी रहेगा शिविर
शिविर स्थल पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे और मरीजों एवं उनके परिजनों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। काली कंबल वाले बाबा 8 अक्टूबर तक हुसैनाबाद में रहेंगे और अधिक से अधिक मरीजों को देखने का प्रयास करेंगे।
कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा उनके लिए हमेशा प्राथमिकता रही है। हुसैनाबाद में पहले भी जरूरतमंद लोगों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि काली मां के आशीर्वाद से काली कंबल वाले बाबा के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है, यह उनके लिए खुशी और संतोष की बात है।
उन्होंने कहा कि बाबा काली मां के पुजारी हैं। मां के आशीर्वाद और उनकी सेवा में भी जिन्हें पाखंड दिखाई देता है, उनके लिए वे मां काली से सद्बुद्धि की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी विवाद में पड़ना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है।
कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि कौन क्या बोलता है, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। वे जनता की सेवा में विश्वास रखते हैं और आगे भी जरूरतमंदों की सेवा के लिए इसी तरह कार्य करते रहेंगे।
श्रीराम कथा में भी उमड़ रहे श्रद्धालु
आरोग्य शिविर के साथ कर्पूरी मैदान में प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक भव्य श्रीराम कथा का भी आयोजन किया जा रहा है। श्रीराम कथा में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा का श्रवण कर रहे हैं।
आरोग्य शिविर और श्रीराम कथा के आयोजन को लेकर कर्पूरी मैदान में लगातार चहल-पहल बनी हुई है। छठे दिन भी मरीजों, उनके परिजनों और श्रद्धालुओं की बड़ी उपस्थिति ने पूरे आयोजन को विशेष बना दिया।





