ग्रामीण उद्यमियों को मिलेगा व्यवसाय विस्तार और बाजार से जुड़ने का अवसर
झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम के तहत 150 उद्यमियों का होगा चयन,15 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन
पलामू : ग्रामीण क्षेत्र के उद्यमियों को सशक्त बनाने, उनके व्यवसाय का विस्तार करने तथा आय में वृद्धि के उद्देश्य से पलामू जिले में झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कार्यक्रम की जानकारी लेते हुए जिले के पात्र उद्यमियों को इसका अधिक से अधिक लाभ दिलाने पर बल दिया।
यह कार्यक्रम भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय (MoRD) द्वारा अनुमोदित है तथा झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसाइटी (JSLPS) के सहयोग से आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क द्वारा क्रियान्वित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के माध्यम से पलामू जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत उद्यमियों को गैर-कृषि क्षेत्र में अपने व्यवसाय को विकसित करने, बाजार से जोड़ने, नई तकनीक एवं व्यावसायिक प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा आय बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
*150 उद्यमियों का होगा चयन*
झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम के तहत जिले से 150 उद्यमियों का चयन किया जाएगा। चयनित उद्यमियों को व्यवसाय के विस्तार के लिए ₹10 लाख तक अनुदान/ब्याज-मुक्त ऋण के रूप में वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न प्रकार का तकनीकी एवं व्यावसायिक सहयोग दिया जाएगा।
इसके तहत व्यक्तिगत मार्गदर्शन एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण, ब्रांडिंग एवं व्यवसाय विकास, उपकरण एवं नई तकनीक की जानकारी, नेटवर्किंग एवं बाजार संपर्क, सरकारी योजनाओं तक पहुंच तथा व्यवसाय विस्तार के लिए आवश्यक तकनीकी सहयोग प्रदान किया जाएगा।
*इन उद्यमियों को मिलेगा अवसर*
कार्यक्रम के लिए सखी मंडल की सदस्यों, उनके परिवार अथवा निकट संबंधियों के स्वामित्व वाले उद्यम आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा पंजीकृत बड़े उद्यमी, समूह उद्यमी एवं व्यक्तिगत उद्यमी भी आवेदन कर सकते हैं। आवेदनकर्ता का उद्यम विनिर्माण (Manufacturing) अथवा सेवा (Services) क्षेत्र में कार्यरत होना चाहिए।
15 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन
पात्र एवं इच्छुक उद्यमी 15 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।इसके लिये
https://nipjharkhand.iimcip.net पर आवेदन करना होगा।उपायुक्त श्री शेखावत ने जिले के पात्र उद्यमियों से अपील की कि वे इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से ग्रामीण क्षेत्र के उद्यमियों को अपने व्यवसाय को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने, बाजार से जुड़ने तथा आजीविका एवं आय के नए अवसर सृजित करने में मदद मिलेगी।जेएसएलपीएस की ओर से भी जिले के पात्र उद्यमियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाने की अपील की गयी।कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता सी केरकेट्टा, जिला प्रबंधक स्किल नवल किशोर राजू , अख्तर अंसारी, मिथिलेश कुमार, आशीष शुक्ल सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक और CRPEP, BDSP और लाभार्थियों ने भाग लिया ।





