मानासोती ने एकता को हराकर जीता राजा मेदिनीराय फुटबॉल टूर्नामेंट
फाइनल में 1-0 से दी शिकस्त, विजेता टीम को कप के साथ 10 हजार रुपये का पुरस्कार
मेदिनीनगर (पलामू) : सतबरवा प्रखंड के हलुमांड गांव में आयोजित राजा मेदिनी राय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सोमवार को रोमांचक रहा। खिताबी मुकाबले में मानासोती फुटबॉल टीम ने एकता फुटबॉल टीम को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। मैच को लेकर खिलाड़ियों के साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह रहा। फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता आशीष सिन्हा, आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सह डालटनगंज विधानसभा प्रभारी चंद्रशेखर सिंह छोटू, विधायक प्रतिनिधि अजय उरांव एवं लिलु सिंह ने विजेता टीम को कप के साथ 10 हजार रुपये व उपविजेता टीम को कप और पांच हजार रुपये देकर सम्मानित किया।मौके पर आशीष सिन्हा ने कहा कि खेल आपसी भाईचारे व सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने व उसे मंच देने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ मैदान में उतरने की अपील की। आयोजन समिति के अनुसार टूर्नामेंट में कूल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। आयोजन को सफल बनाने में पंकज सिंह, बबलू कुमार, सतीश सिंह, प्रवेश यादव, असर्फी यादव, लिलु सिंह, आजसू जिला उपाध्यक्ष सतीश तिवारी, सुनील कुमार, सतबीर सिंह, मनी चंद्रवंशी, सुजीत तिवारी, इरशाद अंसारी, अब्दुल्लाह अंसारी, शीतल कश्यप, विनोद पांडे समेत अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बाक्स....
खेल युवाओं के शारीरिक व मानसिक विकास का सशक्त माध्यम : चंद्रशेखर सिंह छोटू
फाइनल मैच का चंद्रशेखर सिंह ने फुटबॉल पर किक मारकर की शुरुआत
मेदिनीनगर : फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले का शुभारंभ आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सह डालटनगंज विधानसभा प्रभारी चंद्रशेखर सिंह उर्फ छोटू सिंह ने फुटबॉल पर किक मारकर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। साथ ही बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मौके पर चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक व मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है। खेल के मैदान से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना व नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनमें आत्मविश्वास भी पैदा करता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। गांवों में कई प्रतिभावान खिलाड़ी बेहतर अवसर के अभाव में अपनी प्रतिभा को मुकाम तक नहीं पहुंचा पाते हैं। ऐसी प्रतिभाओं को निखारने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को और बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच, प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से खेल के प्रति समर्पित होकर अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।





