BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

हर पंडाल में सीसीटीवी कंट्रोल रूम और अग्निशमन व्यवस्था अनिवार्य : ऋतुराज


पंडालों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा:एसपी 

दुर्गा पूजा पर प्रशासन सख्त, सुरक्षा में लापरवाही नहीं

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

रामगढ़। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने पूजा समितियों और अधिकारियों के साथ विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात एवं स्वच्छता की समीक्षा की।

हाईकोर्ट के आदेश के अनुरूप ही डीजे बजेगा : ऋतुराज 

डीसी ऋतुराज ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुरूप ही डीजे बजेगा, बिना अनुमति कोई कार्यक्रम नहीं होगा और 10 अक्टूबर तक सभी समितियां शपथ-पत्र जमा करेंगी। कहा कि हर पूजा पंडाल में फर्स्ट एड, स्वच्छता एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।

पंडालों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा:एसपी 

एसपी मुकेश कुमार लुनायत: प्रत्येक पंडाल में सीसीटीवी , कंट्रोल रूम, अग्निशमन उपकरण एवं सुरक्षित विद्युत वायरिंग की व्यवस्था अनिवार्य होगी। उन्होंने कहा कि पंडालों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। समितियां पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें।

10 अक्टूबर तक देना होगा शपथ-पत्र

उपायुक्त ने पूजा समितियों को आयोजन से पहले सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करने और 10 अक्टूबर तक निर्धारित प्रारूप में शपथ-पत्र जमा करने का निर्देश दिया। डीजे का संचालन हाईकोर्ट के आदेश एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होगा। किसी भी कार्यक्रम के लिए अनुमंडल दंडाधिकारी से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है। प्रत्येक पंडाल में नजदीकी अस्पताल अथवा मेडिकल सेंटर को टैग करते हुए फर्स्ट एड की व्यवस्था भी करनी होगी।

प्लास्टिक पर रोक, सोशल मीडिया पर नजर

छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने प्रसाद एवं भंडारा में प्लास्टिक और थर्माकोल की प्रतिबंधित सामग्री के इस्तेमाल पर रोक लगाने तथा पंडालों के आसपास डस्टबिन रखने का निर्देश दिया। झंडा चौक एवं स्टेडियम क्षेत्र में निर्धारित स्थानों पर ही दुकानें लगाने को कहा गया। प्रशासन की सोशल मीडिया टीम 24 घंटे निगरानी रखेगी। लोगों से अपील की गई कि अफवाह या असत्यापित खबरों को शेयर न करें। पूजा के दौरान बच्चों की जेब में नाम, पता और मोबाइल नंबर वाली पहचान पर्ची रखने तथा श्रद्धालुओं से यथासंभव पैदल पूजा पंडालों तक पहुंचने की अपील भी की गई।

कौन कौन थे उपस्थित 

बैठक में अपर समाहर्ता मनिंदर भगत, रविंद्र कुमार गुप्ता, मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, एसडीपीओ आलोक रंजन, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।