दुर्गा पूजा को लेकर पलामू पुलिस अलर्ट: एसपी कपिल चौधरी ने खुद सड़कों पर उतर कर संभाली कमान
चियांकी चेकनाका पर एसपी की मौजूदगी में वाहनों की सघन जांच, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश
पलामू :मेदिनीनगर आगामी दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण, भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पलामू जिला प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद हो गई है। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के उद्देश्य से मंगलवार को पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी खुद सड़कों पर उतरे और विभिन्न क्षेत्रों में चलाए जा रहे जांच अभियानों का जायजा लिया।
एसपी की इस सीधी मौजूदगी से जहां एक ओर पुलिस बल का मनोबल बढ़ा, वहीं असामाजिक तत्वों में हड़कंप का माहौल देखा गया।
चियांकी चेकनाका पर वाहनों की सघन तलाशी
जांच अभियान के दौरान एसपी ने चियांकी चेकनाका का विशेष रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान उनकी मौजूदगी में ही आने-जाने वाले चार पहिया एवं दो पहिया वाहनों की गहन तलाशी ली गई। संदेहास्पद वाहनों तथा चालकों की जांच की गई और सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी चौधरी ने मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता, मुस्तैदी और मुस्तैद नजर के साथ चेकिंग अभियान जारी रखने का कड़ा निर्देश दिया।
एस पी पलामू ने कहा सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस बलों की तैनाती
दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों, भीड़-भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की जा रही है। जिला पुलिस द्वारा मुख्य मार्गों और प्रवेश द्वारों पर लगातार सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि त्योहार में खलल डालने की कोशिश करने वाले असमाजिक और उपद्रवी तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सके।
एसपी कपिल चौधरी ने जिले वासियों से शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है साथ ही त्योहार
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से कहा कि दुर्गा पूजा भक्ति और सौहार्द का त्योहार है। सभी नागरिक इसे शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से मनाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग है और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस हेल्पलाइन पर देने का आग्रह किया।






