BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पलामू में कमरे से अचानक गूंजी गोली की आवाज, संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत



पलामू :​नावा बाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया, जब एक घर के कमरे से अचानक गोली चलने की जोरदार आवाज सुनाई दी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में घायल अवस्था में युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान तुकबेरा गांव निवासी अमरजीत चौहान उर्फ छोटू के रूप में की गई है। इस दुखद घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त अमरजीत अपने घर के कमरे में पूरी तरह अकेला था। इसी दौरान अचानक कमरे से पिस्तौल चलने की आवाज आई। गोली की तेज आवाज सुनकर घर में मौजूद परिजन बदहवास होकर कमरे की ओर दौड़े। वहां का नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए; अमरजीत गंभीर रूप से खून से लथपथ पड़ा हुआ था। परिजनों ने बिना कोई समय गंवाए उसे इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही अमरजीत ने दम तोड़ दिया।
​घटना की सूचना मिलते ही नावा बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव तुरंत पुलिस बल के साथ तुकबेरा गांव पहुंचे और मामले की गहन छानबीन शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के कमरे की जांच के दौरान एक पिस्तौल बरामद की है, जिसे जब्त कर लिया गया है। शव को पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
​फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि पिस्तौल कमरे में कहां से आई और किन परिस्थितियों में गोली चली। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक दृष्टि में मामला काफी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटना के पीछे डिप्रेशन, घरेलू विवाद, दुर्घटनावश गोली चलना या किसी अन्य साजिश का हाथ है सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
​