BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बीट पुलिसिंग सेवा की शुरुआत पर चैंबर ने एसपी का किया अभिनंदन


उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा।
शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से शुरू की गई बीट पुलिसिंग सेवा को लेकर जामताड़ा जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह का अभिनंदन किया। समाहरणालय सभागार में आयोजित विशेष कार्यक्रम में चैंबर अध्यक्ष संजय अग्रवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को सम्मानित किया।
चैंबर प्रतिनिधियों ने बीट पुलिसिंग व्यवस्था की शुरुआत को शहर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि 4 अक्टूबर 2026 से शुरू हुई इस व्यवस्था के तहत पूरे शहर को तीन विशेष बीट में विभाजित कर जिम्मेदार पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। इससे पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
चैंबर ने पुलिस अधीक्षक की पहल की सराहना करते हुए कहा कि व्यापारिक गतिविधियों के विकास के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण बेहद जरूरी है। बीट पुलिसिंग से व्यापारियों, उद्यमियों और आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर भरोसा मजबूत होने की उम्मीद है।
चैंबर प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन की इस पहल का समर्थन करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनहित से जुड़े पुलिस के प्रयासों में व्यापारी समाज हरसंभव सहयोग करेगा। चैंबर ने पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शहर को सुरक्षित बनाने में सहयोग जारी रखने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में चैंबर परिवार की ओर से एसपी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।