BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, पंडालों में सीसीटीवी और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य।


उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। जिले में दुर्गापूजा एवं दशहरा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में केंद्रीय शांति समिति की बैठक हुई। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूजा समितियों, प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने सभी पूजा पंडालों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने पंडालों में आपातकालीन निकास की व्यवस्था, पर्याप्त वॉलिंटियर्स, श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश-निकास, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जुलूस एवं प्रतिमा विसर्जन मार्ग का सत्यापन करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रखने का भी निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के साथ ड्रोन एवं सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए बड़े वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण और सघन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए लोगों से बिना सत्यापन किसी भी सूचना या संदेश को प्रसारित नहीं करने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने पूजा एवं विसर्जन के दौरान अश्लील गीत, भड़काऊ सामग्री और धार्मिक उन्माद फैलाने वाले कृत्यों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। उन्होंने प्रत्येक पूजा समिति से 40 जिम्मेदार लोगों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि विसर्जन के दौरान उनकी जिम्मेदारी तय की जा सके।
बैठक में मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए नियमित जांच एवं छापेमारी, अग्निशमन, चिकित्सा, बिजली, पेयजल, स्वच्छता तथा विसर्जन स्थलों की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ये रहे मौजूद: बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष जयश्री देवी, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, पुलिस उपाधीक्षक मु. सुश्री नीलम कुजूर, जामताड़ा एवं नाला के एसडीपीओ, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।