रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह :लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट की ओर से लायंस इंटरनेशनल के सेवा सप्ताह के तीसरे दिन मंगलवार को सुदूर आदिवासी गांव गंगापुर में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्लब की ओर से करीब 250 आदिवासी महिलाओं और बच्चों के बीच अल्पाहार का वितरण किया गया। अल्पाहार पाकर महिलाओं और बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब अध्यक्ष लायन राहुल बर्मन ने कहा कि लायंस इंटरनेशनल के सेवा सप्ताह के तहत क्लब द्वारा प्रत्येक दिन मानव सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सेवा और सहयोग पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों के बीच सेवा कार्य करने से समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव और मजबूत होता है। रीजन चेयरपर्सन लायन धर्म प्रकाश ने कहा कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत क्लब की ओर से लगातार विभिन्न सेवा कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को प्रत्यक्ष रूप से सहायता पहुंच रही है। गंगापुर में अल्पाहार वितरण के दौरान लोगों ने खुशी जताई और क्लब के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में लायन राजेश कुमार गुप्ता, लायन मसरूर आलम सिद्दीकी, लायन रवि राज, लायन शब्बीर आलम, लायन राहुल कुमार, लायन सुदीप गुप्ता, लायन अवनीस अंशु, लायन शत्रुघ्न सिंह सहित क्लब के कई सदस्य मौजूद रहे।







