कोयला वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत, 17 घंटे से सड़क जाम
50 लाख मुआवजा और आश्रित को सरकारी नौकरी की मांग पर अड़े ग्रामीण
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
चतरा। सदर थाना क्षेत्र के सीमा चौक के समीप कोयला वाहन की चपेट में आने से 35 वर्षीय अरविंद सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल अरविंद को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक सीमा रंगवारा गांव का रहने वाला था।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मुआवजे समेत अन्य मांगों को लेकर ग्रामीणों ने चतरा-सिमरिया मुख्य पथ को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। समाचार लिखे जाने तक करीब 17 घंटे से सड़क जाम था, जिससे आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
50 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग
ग्रामीण और परिजन मृतक के आश्रित को 50 लाख रुपये मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अरविंद की मौत से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। मृतक अपने पीछे दो छोटी बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल उचित मुआवजा दिलाने और परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है।सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद सांसद कालीचरण सिंह और सिमरिया विधानसभा प्रत्याशी मनोज चंद्रा भी मौके पर पहुंचे। दोनों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर घटना एवं उनकी मांगों की जानकारी ली। वहीं, प्रशासन की ओर से भी जाम समाप्त कराने और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सहमति बनने के बाद ही सड़क जाम समाप्त होने की उम्मीद है।






