डिज्नीलैंड मेला की डाक राशि कम नहीं हुई तो अगले वर्ष से आयोजन मुश्किल : पवन गुप्ता
मेदिनीनगर : मेदिनीनगर के ऐतिहासिक शिवाजी मैदान में आयोजित होने वाले डिज्नीलैंड मेला की डाक राशि में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर मेला प्रबंधन ने चिंता जताई है। डिज्नीलैंड मेला के संचालक पवन गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यदि अगले वर्ष डाक राशि में कमी नहीं की गई, तो मेला लेना आर्थिक रूप से संभव नहीं होगा और पलामू के लोग मनोरंजन के इस प्रमुख आयोजन से वंचित हो सकते हैं।
पवन गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष डिज्नीलैंड मेला की डाक राशि 74 लाख 70 हजार रुपये थी। इस वर्ष उन्होंने 88 लाख 20 हजार रुपये की डाक पर मेला लिया। उनके अनुसार, पहले डाक राशि में करीब 10 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि की जाती थी, लेकिन इस बार नगर निगम की ओर से 15 प्रतिशत की वृद्धि की गई। इससे मेला प्रबंधन को करीब 32 लाख 50 हजार रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि मेला से होने वाली आमदनी इतनी अधिक नहीं है कि लगातार बढ़ती डाक राशि और अन्य खर्चों की भरपाई हो सके। इसके अलावा बारिश के कारण भी मेला प्रभावित होता है। मेला प्रबंधन का आरोप है कि इस वर्ष सुरक्षा व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं रही। सुरक्षा की कमी के कारण कई बार मेला को निर्धारित समय से पहले ही बंद करना पड़ा, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ।
सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
पवन गुप्ता ने कहा कि मेला अवधि के दौरान और मेला समाप्त होने के बाद नगर निगम की ओर से अपेक्षित सफाई व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई जाती है। उन्होंने जिला प्रशासन और नगर निगम से मेला आयोजन को लेकर सहयोग बढ़ाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन चाहता है कि पलामू के लोग डिज्नीलैंड मेला का आनंद लेते रहें और जिले में मनोरंजन का यह आयोजन लगातार होता रहे, तो डाक राशि का पुनर्निर्धारण जरूरी है। उन्होंने डाक राशि को घटाकर 50 से 60 लाख रुपये के बीच करने की मांग की।
पवन गुप्ता ने कहा कि वर्षों से शिवाजी मैदान में डिज्नीलैंड मेला आयोजित होता आ रहा है। पलामू के विभिन्न क्षेत्रों से लोग यहां मनोरंजन के लिए पहुंचते हैं और परिवार के साथ समय बिताते हैं। ऐसे में मेला को आर्थिक रूप से व्यवहार्य बनाए रखने के लिए प्रशासन को डाक राशि, सुरक्षा और सफाई व्यवस्था पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
प्रेस वार्ता में कल्लू चंद्रवंशी समेत डिज्नीलैंड मेला प्रबंधन से जुड़े अन्य लोग भी मौजूद थे।






