झारखंड आंदोलनकारी सखीचंद राम दांगी का निधन, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी समेत कई लोगों ने जताया शोक
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। चितरपुर प्रखंड के बड़कीपोना निवासी झारखंड आंदोलनकारी सह डीलर एसोसिएशन के प्रखंड अध्यक्ष एवं आजसू किसान प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष सखीचंद राम दांगी (82 वर्ष) का निधन हो गया। वह पिछले कुछ माह से बीमार चल रहे थे। रांची स्थित मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान बीती रात उन्होंने अंतिम सांस ली। शुक्रवार सुबह उनका पार्थिव शरीर बड़कीपोना स्थित पैतृक आवास लाया गया। पार्थिव शरीर के पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। निधन की सूचना मिलने पर गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव अमृतलाल मुंडा, बड़कीपोना मुखिया अरविंद कुमार सिंह सहित कई लोग उनके आवास पहुंचे। सांसद ने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि सखीचंद राम दांगी के निधन से समाज एवं सार्वजनिक जीवन को अपूरणीय क्षति हुई है। समाज और जनसेवा के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके निधन पर चितरपुर प्रखंड के डीलर चंद्रिका प्रसाद वर्मा, राज कपूर प्रसाद, श्यामनारायण पोद्दार, ताराचंद्र पोद्दार, नरेश भगत, मोईनुद्दीन अंसारी, मनोहर सिंह, जयंत पोद्दार, विनय कुमार, सरिता देवी, अनिता देवी, सुलेखा देवी, राजीव रजक, राजू पांडेय, मकुंद चौधरी, फागू चौधरी, श्यामलाल महतो, शंकर ठाकुर, पिंटू कुमार, राधेश्याम, उमेश महतो सहित कई लोगों ने शोक व्यक्त किया है। दामोदर नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।






