जामताड़ा में 27 सितंबर को जिला स्तरीय अस्मिता वुशु लीग प्रतियोगिता
27 सितंबर को जामताड़ा में जिला स्तरीय अस्मिता वुशु लीग प्रतियोगिता
15 विद्यालयों व क्लबों की 200 से अधिक बालिका खिलाड़ी लेंगी हिस्सा, तैयारियां पूरी।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। बालिका एवं महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जामताड़ा जिला वुशु एसोसिएशन की ओर से 27 सितंबर, रविवार को नगर स्थित रजबाड़ी इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय अस्मिता वुशु लीग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के करीब 15 विद्यालयों एवं क्लबों से 200 से अधिक बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शुक्रवार को जिला वुशु एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में निदेशक दीपक दुबे ने बताया कि केंद्र सरकार एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल के तहत देशभर में विभिन्न खेल विधाओं में अस्मिता लीग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहन देना और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि वुशु को खेलो इंडिया यूथ गेम्स और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए प्राथमिकता वाले खेलों में शामिल किया गया है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में वुशु की नियमित भागीदारी से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
अस्मिता से महिला खिलाड़ियों को मिल रहा मंच
दीपक दुबे ने कहा कि महिला वुशु के विकास में अस्मिता जैसी पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। महिला खिलाड़ियों के लिए प्रतियोगिताओं, लीग और प्रतिभा पहचान के अवसर बढ़ने से अधिक संख्या में युवा खिलाड़ी खेल से जुड़ रही हैं। अस्मिता और राज्य स्तरीय महिला वुशु लीग जैसी प्रतियोगिताएं जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को सामने लाने में मदद कर रही हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला वुशु एसोसिएशन के सचिव राहुल सिंह, कोषाध्यक्ष राजकुमार वर्मा, परिणिता सिंह, सूरज कुमार पासवान, भास्कर चांद, मयंक पांडे और शांतनु सेन समेत अन्य उपस्थित थे।






