पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर भाजपा ने दी श्रद्धांजलि
जिलाध्यक्ष सुमित शरण बोले—एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचार आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत।
उदय किशोर सिंह
जामताड़ा। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय हम सभी के पथप्रदर्शक हैं। उनके विचार और आदर्श आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। जिले के सभी मंडलों में उनकी जयंती श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दिखाए मार्ग पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे ‘सेवा और समर्पण अभियान’ के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर कार्यकर्ता लाभार्थियों से संपर्क कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही ऐसे जरूरतमंद लोगों से भी संपर्क किया जा रहा है, जिनका किसी योजना का लाभ अब तक नहीं मिल पाया है। उनकी समस्याओं को संबंधित सक्षम पदाधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, जिला मंत्री आभा आर्या, जामताड़ा नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष निर्मल सोरेन, नगर मंत्री ब्रजेश राउत, बसंती मंडल, सुकुमार मंडल सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






