सराफा बाजार में साप्ताहिक बंदी के दिन अस्थायी बदलाव, त्योहारों को लेकर पुलिस से मांगी सुरक्षा
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: आगामी दुर्गापूजा, धनतेरस एवं छठ पूजा को देखते हुए सराफा संघ, गिरिडीह ने साप्ताहिक बंदी के दिन में अस्थायी बदलाव करने का निर्णय लिया है। संघ के अध्यक्ष राहुल कुमार वर्मन ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक गिरिडीह को पत्र भेजकर निर्णय की जानकारी दी है और पर्व-त्योहारों के दौरान बाजार में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रभावी पुलिस गश्ती की मांग की है। संघ की ओर से बताया गया कि पूर्व में सर्वसम्मति से प्रत्येक बृहस्पतिवार को सराफा प्रतिष्ठानों की साप्ताहिक बंदी रखने का निर्णय लिया गया था। हालांकि आगामी प्रमुख पर्व-त्योहारों के दौरान ग्राहकों की सुविधा, बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों और बाजार की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए साप्ताहिक बृहस्पतिवार बंदी में अस्थायी रूप से परिवर्तन किया जाएगा। संघ के अनुसार छठ पूजा के बाद साप्ताहिक बृहस्पतिवार बंदी को लेकर आवश्यक सूचना पत्र एवं मीडिया के माध्यम से सभी सराफा व्यवसायियों को समय पर उपलब्ध करा दी जाएगी।
सराफा संघ ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान सराफा प्रतिष्ठानों एवं बाजारों में बढ़ने वाली व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए तथा पुलिस गश्ती को प्रभावी बनाया जाए। इससे व्यवसायियों, ग्राहकों और आम लोगों को सुरक्षित एवं निर्भीक वातावरण मिल सकेगा। संघ ने अपनी ओर से भी सभी सराफा प्रतिष्ठानों में सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण सहयोग के साथ अनुपालन करने की बात कही है। पत्र की प्रतिलिपि नगर थाना, मुफस्सिल थाना, पचंबा थाना के प्रभारियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।






