BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पूर्णिया के बायसी में चक्रवाती तूफान का तांडव,मालोपाड़ा गांव में 50 से अधिक घर तबाह,पेड़ और बिजली के पोल उखड़े


मुकेश कुमार-स्टेट ब्यूरो चीफ

पटना(बिहार)।बिहार के पूर्णिया जिले के बायसी प्रखंड से इस वक्त की एक बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है।बायसी प्रखंड के गंगार पंचायत स्थित मालोपाड़ा गांव में गुरुवार को आए भीषण चक्रवाती तूफान ने तबाही का ऐसा मंजर बिछाया कि महज कुछ ही मिनटों में पूरा गांव तहस-नहस हो गया।
मालोपाड़ा गांव के तेलंगा वार्ड नंबर 3 में अचानक आए इस बवंडर और तेज आंधी के कारण 40 से 50 घरों के छप्पर उड़ गए,जबकि कई कच्चे मकान जमींदोज हो गए।तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और बिजली के पोल गिर गए,जिससे इलाके में पूरी तरह से बिजली सप्लाई ठप्प हो गई है।इस हादसे में कई स्थानीय लोग मामूली रूप से घायल भी हुए हैं।घटना के बाद ग्रामीणों के सामने अब सिर छुपाने तक की जगह नहीं बची है।हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।प्रभावित लोगों का कहना है कि तूफान इतनी अचानक आया कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।देखते ही देखते चंद मिनटों में लोगों की ज़िंदगी भर की कमाई और आशियाना तिनके की तरह उड़ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक गुलाम सरवर और बायसी के राजस्व अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।अधिकारियों और विधायक ने प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और तुरंत राहत कार्य शुरू कराया।पीड़ितों के बीच तात्कालिक सहायता के रूप में चूड़ा,गुड़,पॉलीथिन शीट और मोमबत्तियों का वितरण किया गया है।फिलहाल प्रशासन नुकसान का पूरा आकलन करने में जुटा है ताकि जल्द से जल्द पीड़ितों तक सरकारी सहायता राशि पहुंचाई जा सके।लेकिन बेघर हुए इन ग्रामीणों के सामने इस आपदा के बाद अपने आशियाने को फिर से खड़ा करने की बड़ी चुनौती है।