BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बदलेगा रामगढ़ का चेहरा, सुंदरीकरण से शहर को मिलेगी नई पहचान


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

रामगढ़। दुर्गा पूजा से पहले रामगढ़ शहर का स्वरूप बदलने की तैयारी तेज हो गई है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए छावनी परिषद की ओर से विभिन्न स्थानों पर सुंदरीकरण कार्य कराए जा रहे हैं। थाना चौक से बिजुलिया तक सड़क किनारे अलग-अलग आकृतियां तैयार की जा रही हैं। 10 अक्टूबर को इन कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।

सुभाष चौक पर बनेगी चौपाटी

गांधी चौक के बाद अब सुभाष चौक के सुंदरीकरण का काम चल रहा है। सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाकर पेवर्स ब्लॉक बिछाए जा रहे हैं और चौपाटी विकसित की जा रही है। छावनी फुटबॉल मैदान के बाहर करीब 100 फीट ऊंचा तिरंगा लगाने की तैयारी है।

शहर में दिखेगी इतिहास और संस्कृति की झलक

नईसराय में कारगिल युद्ध स्मारक चौक, गांधी चौक पर बापू की डांडी यात्रा का दृश्य, बिजुलिया में सूर्य नमस्कार की आकृति और बिजुलिया स्टेशन रोड चौक पर अशोक स्तंभ तैयार किया जा रहा है। वहीं थाना चौक, फर्नीचर यार्ड और झंडा चौक में चौपाटी व यात्री शेड का निर्माण कराया जा रहा है।

दो दिन में काम पूरा करने का निर्देश

विधायक ममता देवी ने शहर में चल रहे सुंदरीकरण कार्यों का बुधवार को निरीक्षण किया। उन्होंने छावनी परिषद के अधिकारियों को दो दिनों के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में छावनी परिषद की पहल सराहनीय है। कहा कि शहर के स्वरूप को बदलने को लेकर छावनी परिषद की बोर्ड बैठक में चर्चा कर योजना तैयार की गई है। उपायुक्त का भी इसमें सहयोग मिल रहा है। आने वाले दिनों में रामगढ़ का स्वरूप बदला हुआ नजर आएगा।

शहर में प्रवेश के साथ दिखेगा नया नजारा

सुंदरीकरण की इन योजनाओं से शहर में प्रवेश करते ही लोगों को अलग नजारा देखने को मिलेगा। बापू की ऐतिहासिक डांडी यात्रा से लेकर सूर्य नमस्कार और अशोक स्तंभ तक की झलक शहर की पहचान को नया रूप देगी।