BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी और मुख्यमंत्री हेमंत की माता रुपी सोरेन का निधन


Ranchi. दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी और मुख्यमंत्री हेमंत की माता रुपी सोरेन का निधन हो गया है. बरियातू रोड स्थित हिल व्यू अस्पताल में उन्होंने अंतिम स्वांस ली. उनके निधन की खबर से झारखंड के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर है.

 

रुपी सोरेन की उम्र करीब 80 साल थी. एक जनवरी 1962 को उनका विवाह दिशोम गुरु शिबू सोरेन से हुआ था. जिसके बाद से वह लगातार गुरुजी के साथ रहीं. 4 अगस्त 2025 को गुरुजी का निधन दिल्ली स्थित सर गंगा राम अस्पताल में हो गई थी. उस वक्त उनकी उम्र करीब 81 साल थी.


रुपी सोरेन पिछले कई महीने से बीमार चल रहीं थी. पिछले महीने उन्हें इलाज के लिए हैदराबाद ले जाया गया था. रांची लौटने के बाद वह कई बार गंभीर रुप से बीमार हुईं. उन्हें हिल व्यू हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया. मंगलवार की सुबह उनकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें वेंटिलेटर पर रखा. दिन में रांची डीसी समेत कई अधिकारी हिल व्यू अस्पताल पहुंचे थे.


मंगलवार को दिन में यह सूचना आयी कि सात अक्टूबर की शाम होने वाली कैबिनेट की बैठक को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है. इसके बाद शाम के करीब 4.00 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हिल व्यू अस्पताल पहुंचे. 

 

मुख्यमंत्री के हॉस्पीटल पहुंचने के बाद राज्य सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, हफीजुल हसन समेत कई राजनेता हिल व्यू अस्पताल पहुंचे. योगेंद्र प्रसाद ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि उनकी हालत स्थिर है. डॉक्टर देख रहे हैं. जल्द ही वह स्वस्थ होकर घर लौटेंगी.