मेदिनीनगर में निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’, पीएम मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यों को किया गया याद
शिवाजी मैदान में जुटे भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और छात्र-छात्राएं, ‘विकसित भारत @2047’ का लिया संकल्प
मेदिनीनगर, 7 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को मेदिनीनगर के शिवाजी मैदान में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को उत्साहपूर्वक सुना और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा, जनसेवा और सुशासन के प्रति अद्वितीय समर्पण देखने को मिला है। उनका जीवन देश के प्रति सेवा, समर्पण और संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ प्रधानमंत्री की सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने तथा ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश ने विकास, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है।
प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से पूरा होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने कार्यक्रम में शामिल नागरिकों, पार्टी कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सफल रही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्र निर्माण के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम नारायण दुबे, जिला प्रभारी शशिभूषण भगत, विभाकर नारायण पाण्डेय, मनोज भुइयां, पुष्पा देवी, अजय तिवारी, उदय शुक्ला, अविनाश वर्मा, दुर्गा जौहरी, कृष्लय तिवारी, शिवकुमार मिश्रा, विजय ओझा, ईश्वरी पांडे, गुड्डू खान, अरविंद सिंह, अजय सिंह, विजय ठाकुर, शुभम प्रसाद, श्वेताग गर्ग, प्रियारंजन शर्मा, अरविंद गुप्ता, इंद्रजीत सिंह, डिंपल, सोमेश सिंह, रूपा सिंह, मंजू गुप्ता और सुमन गुप्ता सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के कार्यों को याद करते हुए ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर दिया गया।





