छतरपुर नगर पंचायत के विकास में वित्तीय कमी नहीं आने दी जाएगी : राधाकृष्ण किशोर
नगर पंचायत कार्यालय भवन की स्वीकृति पर निर्वाचित प्रतिनिधियों ने वित्त मंत्री का जताया आभार
छतरपुर (पलामू)। झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने शुक्रवार को छतरपुर नगर पंचायत का दौरा कर नगर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों एवं आवश्यकताओं का जायजा लिया। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ‘चुनमुन’ के आवासीय कार्यालय में वित्त मंत्री का भव्य स्वागत किया गया।
छतरपुर नगर पंचायत के कार्यालय भवन की स्वीकृति मिलने पर नगर पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी वार्ड पार्षदों ने वित्त मंत्री को शाल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर आभार व्यक्त किया। निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर पंचायत कार्यालय भवन की स्वीकृति से नगर निकाय के कामकाज को बेहतर एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
स्वागत के बाद वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नगर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ने कहा कि छतरपुर नगर पंचायत के विकास में किसी भी तरह की वित्तीय कमी नहीं होने दी जाएगी। नगर क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं विकास कार्यों के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ‘चुनमुन’ ने वित्त मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर का सकारात्मक सहयोग छतरपुर नगर पंचायत को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार एवं वित्त मंत्री का सहयोग अपेक्षित है। नगर की मूलभूत सुविधाओं, सड़क, नाली, स्वच्छता, जलापूर्ति एवं अन्य विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर पंचायत लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के उपाध्यक्ष मंजीत यादव, वार्ड पार्षद उमेश कुमार यादव, गुड्डू अंसारी, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि दीपक राज, राम सेवक यादव, आकाश चंद्रा, धीरज चंद्रवंशी, दीपक कुमार, शिव कुमार, पंकज पासवान, मनोज पासवान, प्रवेश उरांव, शुभम कुमार, प्रवेश कुमार, जलील अंसारी, सुनील कुमार, गणेश सिंह, मोहन जायसवाल, अशोक सोनी सहित नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं काफी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।






