बापू के आदर्शों पर चलकर ही स्वच्छ समाज का किया जा सकता है निर्माण : चंद्रशेखर सिंह छोटू
चैनपुर (पलामू) : चैनपुर प्रखंड के गांधीपुर स्थित बापू वाटिका में शुक्रवार को आजसू पार्टी की ओर से संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सह डालटनगंज विधानसभा प्रभारी चंद्रशेखर सिंह छोटू के नेतृत्व में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बारी-बारी से बापू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता को लेकर भी संकल्प लिया।
मौके पर चंद्रशेखर सिंह छोटू ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता व जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उनके विचार केवल इतिहास का हिस्सा नहीं बल्कि आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी निभानी होगी। घर, गांव व सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प ही बापू को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से गांधीजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कहा कि आजसू पार्टी जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार लोगों के बीच काम कर रही है। संकल्प सभा के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करने का संकल्प लिया।
पार्टी के पलामू जिला उपाध्यक्ष सतीश तिवारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ व सशक्त समाज की बुनियाद माना था। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का काम करते हैं। बापू के बताए मार्ग पर चलकर ही स्वच्छ, सुंदर व जिम्मेदार समाज का निर्माण किया जा सकता है।
चैनपुर प्रखंड के अख्तर अली ने कहा कि बापू के सपनों का भारत बनाने के लिए सभी लोगों को आत्मचिंतन करवाने की जरूरत है। सुलेमान अंसारी ने कहा कि बापू के सत्य अहिंसा की मार्ग को अपना करें देश का विकास किया जा सकता है।
कार्यक्रम में पार्टी के बबलू डोगरा, सुनील कुमार, सुजीत तिवारी, उदय दुबे उर्फ बाबू दुबे, ओमप्रकाश सिंह, कौशल दुबे, मनीष सिंह, अगस्त सिंह, अजीत कुमार, मुकेश सिंह, विमलेश कुमार, शमशेर सिंह, कुंदन कुमार, इंदेश सिंह, संजय कुमार, भुनेश्वर प्रजापति व मनी चंद्रवंशी समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।






