पलामू में भक्ति और भव्यता का महाकुंभ: उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, अयोध्या के राम मंदिर से लेकर टोक्यो के सिंड्रेला महल तक के दर्शन से सराबोर मेदिनीनगर
कमरुद्दीन अंसारी
मेदनीनगर (पलामू):
आद्यशक्ति मां दुर्गा की उपासना का महापर्व नवरात्र पलामू जिले तथा जिला मुख्यालय मेदनीनगर में पूरे धार्मिक उल्लास, आस्था और भव्यता के साथ परवान पर है। शहर के कोने-कोने में मां के जयकारों, जगमगाती रोशनी और एक से बढ़कर एक आकर्षक पूजा पंडालों की छटा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया है। इस वर्ष प्रमुख पूजा समितियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए कई अनूठे आयोजन किए गए हैं, जो हर वर्ग के लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। पूजा शुरू होने के बाद से ही शहर के पंडालों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है।
ऐतिहासिक कमेटियों का जलवा और भव्य पंडालों की श्रृंखला
शहर की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक पूजा समितियों में शुमार 'जय भवानी संघ' इस वर्ष अपना 58वां अधिवेशन अत्यंत भव्य रूप में मना रहा है। वहीं, 'साहित्य समाज दुर्गा पूजा कमेटी' अपने 46वें अधिवेशन में है। इसके अलावा ऐतिहासिक दुर्गा बाड़ी, स्टेशन रोड, जीएलए कॉलेज और बिजली ऑफिस की पुरानी समितियों की गौरवशाली परंपरा और धार्मिक निष्ठा हर वर्ष की तरह इस बार भी विशेष आकर्षण का केंद्र है।
सुदना में दुर्गा पूजा का 48वां वर्ष बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है, जहां प्रख्यात कथा वाचकों द्वारा प्रस्तुत की जा रही कथा-प्रवचन की धारा में प्रतिदिन भारी संख्या में श्रद्धालु भाव-विभोर होकर कथा श्रवण कर रहे हैं।
राम मंदिर से लेकर सिंड्रेला महल तक का अद्भुत दीदार
इस बार शहर के पंडालों की कलाकारी देखते ही बन रही है। बैरिया चौक स्थित जीनियस क्लब अपनी अनूठी थीम के तहत इस बार श्रद्धालुओं के लिए टोक्यो के प्रसिद्ध 'सिंड्रेला महल' का अद्भुत काल्पनिक दृश्य लेकर आया है। इस कलाकारी और भव्य विद्युत सज्जा को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। क्लब के अध्यक्ष राकेश सिंह, मुकेश सिंह व प्रवीण तिवारी श्रद्धालुओं के सुलभ दर्शन और सुरक्षा व्यवस्था में अपनी टीम के साथ सक्रिय हैं।
वहीं, हाउसिंग कॉलोनी पंडाल समिति द्वारा अयोध्या के भव्य 'राम मंदिर' की तर्ज पर आकर्षक पंडाल का निर्माण कराया गया है, जिसकी शिल्पकला देखते ही बनती है।
डीसी और एसपी खुद संभाल रहे कमान, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर
त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और एसएसपी/एसपी कपिल चौधरी खुद लगातार सभी प्रमुख पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने शहर के 113 में से लगभग 60 खराब सीसीटीवी कैमरों को ठीक कराया है। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए एसपी कपिल चौधरी ने उन्हें 5,000 रुपये की राशि से पुरस्कृत किया है। इन कैमरों के चालू होने से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा, "पलामू में शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की पुरानी परंपरा रही है, जो पूरे झारखंड को गौरवान्वित करती है। पूजा समितियां कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत वॉलंटियर्स को पहचान पत्र जारी कर प्रशासन का सहयोग करें।"
एसपी कपिल चौधरी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें।
दुर्गा पूजा कमिटी के केंद्रीय अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद जौहरी ने जानकारी दी है कि पूरे निगम क्षेत्र में कुल 70 पूजा समितियां सक्रिय हैं, जिनमें अकेले शहरी क्षेत्र में 43 भव्य पंडाल बनाए गए हैं।
भाईचारे और सौहार्द की अनूठी मिसाल है मेदिनीनगर
इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता इसका सांप्रदायिक सौहार्द है, जो पूरे झारखंड के लिए एक मिसाल है। शहर की प्रमुख पूजा समितियां—जय भवानी संघ, बाल समाज और जीनियस क्लब—की स्थापना हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों ने मिलकर की थी।
दुर्गा प्रसाद जौहरी, नेयाज अहमद और वसंत जौहरी ने बताया कि वर्ष 1969 में स्थापित 'जय भवानी संघ' की नींव आपसी प्रेम का प्रतीक है, जिसके संस्थापकों में मंसूर अली, जघन प्रसाद और रामजी प्रसाद शामिल थे। वहीं बैरिया के जीनियस क्लब की स्थापना में विजय चौधरी, विजय सिंह और उस्मान गनी ने अहम भूमिका निभाई थी। पिछले पांच दशकों से अधिक समय से यहां दोनों समुदाय के लोग एक-दूसरे के त्योहारों को आपसी सहयोग के साथ मनाते आ रहे हैं, जो आज की पीढ़ी के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।






