BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

छोटू सिंह हत्याकांड मामले में हुसैनाबाद पुलिस ने दो आरोपियों को लिया तीन दिन की रिमांड पर


हुसैनाबाद:कृष्णा यादव 

हुसैनाबाद,पलामू: छोटू सिंह उर्फ ओम प्रकाश सिंह हत्याकांड में हुसैनाबाद पुलिस ने एक और प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस रिमांड पर लिए गए दो आरोपियों से पूछताछ के दौरान हत्या की साजिश से जुड़े अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक लोडेड पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा गोलियां बरामद की हैं। शनिवार को एसडीपीओ दिव्यांशु शुक्ला और हुसैनाबाद थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक चंदन कुमार ने हुसैनाबाद थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बीते 2 सितंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के कचरा गांव निवासी छोटू सिंह उर्फ ओम प्रकाश सिंह (पिता भुवनेश्वर प्रसाद सिंह) की पुरेंद्र बीघा के पास जपला-दंगवार मुख्य सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 186/2026 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1)/61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत 10 लोगों को प्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया था।हत्याकांड के उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। इसी क्रम में मामले के दो प्राथमिकी अभियुक्त मनीष यादव (26), पिता अखिलेश यादव, निवासी लोटनिया, थाना हुसैनाबाद, वर्तमान पता मुनी सिंह चौक स्थित यादव भवन, तथा सिट्टू सिंह (23), पिता स्वर्गीय अनिल सिंह, निवासी बसौरी, थाना सिकरहट्टा, जिला आरा (बिहार) को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने बिहार के एनटीपीसी खैरा थाना कांड संख्या 70/26 के सिलसिले में 12 अगस्त 2026 को औरंगाबाद न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद हुसैनाबाद पुलिस ने दोनों को 72 घंटे के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने और घटना को अंजाम देने से जुड़ी अहम जानकारी दी है।
पुलिस ने बताया कि रिमांड पर लिए गए दोनों आरोपियों की निशानदेही पर इकोनी भट्ठा के पास नहर किनारे सड़क से सटी खजूर की झाड़ी में छिपाकर रखा गया एक काला लोडेड पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा गोलियां बरामद की गईं। पुलिस ने हथियार और गोलियों को जब्त कर लिया है। बरामद हथियार का हत्याकांड में इस्तेमाल हुआ था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के एकौनी गांव निवासी अजय यादव के पुत्र आलोक यादव उर्फ दुर्लभ उर्फ नीरज कुमार (24) को गिरफ्तार किया। वह इस मामले में प्राथमिकी अभियुक्त है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।इस कार्रवाई में एसडीपीओ दिव्यांशु शुक्ला, हुसैनाबाद थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक चंदन कुमार, अनुसंधानकर्ता सह पुलिस अवर निरीक्षक छत्रधारी कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजू कुमार गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह सहित हुसैनाबाद थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।पुलिस ने बताया कि हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के सभी पहलुओं की जांच के लिए आगे भी छापेमारी एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।