BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

डीसी-एसपी ने निर्माणाधीन दुर्गा पूजा पंडालों का किया निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के पालन का दिया निर्देश


आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने शनिवार को जिले के विभिन्न निर्माणाधीन दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पाटन चौक के समीप स्थित पंडाल, बैदा कला गांव, उंटारी रोड, हैदरनगर एवं छतरपुर के विभिन्न पूजा पंडालों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पंडालों के निर्माण, आवागमन एवं मार्ग व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन उपकरण, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा कार्यक्रम संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। उपायुक्त ने पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश देते हुए पंडालों का निर्माण भवनों एवं सड़कों से निर्धारित सुरक्षित दूरी पर कराने को कहा। साथ ही हाईटेंशन तार, रेलवे लाइन, ट्रांसफार्मर एवं अन्य विद्युत उपकरणों से पर्याप्त दूरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने पंडालों एवं आवागमन मार्गों में ज्वलनशील और सिंथेटिक कपड़ों के इस्तेमाल से बचने, प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाने, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था करने तथा मार्गों पर स्पष्ट दिशा-सूचक चिह्न लगाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने आपात स्थिति से निपटने के लिए पंडालों में पानी एवं बालू की पर्याप्त व्यवस्था रखने पर भी जोर दिया।

वहीं, पुलिस अधीक्षक ने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को अपने-अपने वॉलंटियर्स की सूची संबंधित थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने, प्रशासन एवं पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने की बात कही।

इसी क्रम में हैदरनगर बाजार क्षेत्र एवं हरिहरगंज में झारखंड-बिहार सीमा क्षेत्र पर फ्लैग मार्च किया गया। इसके माध्यम से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने का संदेश दिया गया।निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी उपस्थित रहे।