प्रेम प्रसंग में दो नाबालिग लड़कियां प्रेमी के साथ फरार, केस दर्ज
हरिहरगंज (पलामू): हरिहरगंज थाना क्षेत्र से प्रेम प्रसंग में दो नाबालिग लड़कियों के घर से फरार होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर हरिहरगंज थाना में कांड संख्या 162/26 दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि दोनों नाबालिग लड़कियां घर से नकदी और जेवरात लेकर अपने-अपने प्रेमी के साथ चली गई हैं। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी और जांच-पड़ताल कर रही है। लड़कियों की जल्द बरामदगी के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
पूर्व में लापता दो महिलाएं भी बरामद
थाना प्रभारी ने बताया कि इससे पूर्व भी क्षेत्र से दो महिलाओं के अचानक लापता होने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को शुक्रवार को सकुशल बरामद कर लिया है। फिलहाल उनसे आवश्यक पूछताछ की जा रही है।
एक ही क्षेत्र से लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच जारी है।






