जामताड़ा में पहली बार गूंजेगी डांडिया की खनक, 11 अक्टूबर को गांधी मैदान में सजेगा रंगारंग महोत्सव,
सूरत और गुजरात की प्रसिद्ध गायिकाएं बिखेरेंगी सुरों का जादू, एक रंग की पोशाक में डांडिया करेंगे सैकड़ों दंपती।
उदय किशोर सिंह जामताड़ा।
जामताड़ा में शारदीय नवरात्र के अवसर पर जामताड़ा में पहली बार भव्य डांडिया महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। आगामी 11 अक्टूबर को गांधी मैदान में शाम सात बजे से रात दस बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह है और आयोजन समिति तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है।
तैयारियों की समीक्षा को लेकर आयोजन समिति की बैठक नगर पंचायत जामताड़ा की अध्यक्ष सह समिति की अध्यक्ष आशा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन कार्यक्रम प्रभारी डॉ. चंचल कुमार भंडारी ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी एवं कार्यक्रम संयोजक तरुण कुमार गुप्ता समेत आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में अब तक की तैयारियों की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए सदस्यों के बीच जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही महोत्सव में शामिल होने के इच्छुक महिला-पुरुषों के पंजीकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पंजीकरण पूरा करने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम संयोजक तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि जामताड़ा जिला मुख्यालय में पहली बार इतने बड़े स्तर पर डांडिया महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सूरत और गुजरात की प्रसिद्ध डांडिया गायिकाएं अपने सुरों से गांधी मैदान में समां बांधेंगी। उनके गीतों पर जामताड़ा शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचने वाले महिला-पुरुष डांडिया की मस्ती में झूमेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को पूरी तरह पारिवारिक और मनोरंजक माहौल में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का विशेष आकर्षण सैकड़ों दंपतियों का एक रंग की आकर्षक वेशभूषा में सामूहिक डांडिया नृत्य होगा। आयोजन समिति के अनुसार, यह कार्यक्रम जामताड़ा में नवरात्र उत्सव को एक नया सांस्कृतिक रंग देने के साथ लोगों को मनोरंजन का यादगार अवसर भी प्रदान करेगा।
रात्रिकालीन कार्यक्रम में संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं सुविधा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। आयोजन समिति ने कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुरक्षा, सुगम प्रवेश और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. चंचल कुमार भंडारी ने कहा कि महोत्सव के माध्यम से जामताड़ा के महिला-पुरुषों को अपनी डांडिया प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि नवरात्र की उमंग के बीच यह आयोजन शहर में सांस्कृतिक उत्साह और नई ऊर्जा का संचार करेगा।
बैठक में आयोजन मंडली के आशीष कुमार चौबे, मनोज सिन्हा, भाष्कर चांद समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।






