48वीं राष्ट्रीय आर्म रैसलिंग प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम श्रीनगर पहुंची।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेडियम में 3 से 5 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली 48वीं राष्ट्रीय आर्म रैसलिंग प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए झारखंड राज्य की टीम श्रीनगर पहुंच गई है।
इंडियन आर्म रैसलिंग फेडरेशन के मार्गदर्शन तथा जम्मू-कश्मीर स्टेट आर्म रैसलिंग स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से चयनित विभिन्न आयु एवं भार वर्गों के 18 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
आर्म रैसलिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड के महासचिव दीपक दुबे ने बताया कि झारखंड के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की तैयारी के लिए कड़ी मेहनत और लगातार अभ्यास किया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर उत्साह है और उन्हें उम्मीद है कि झारखंड की टीम राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल करने में सफल होगी।
उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।






