गांधी जयंती पर राजद ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
उदय किशोर सिंह , संवाददाता जामताड़ा।
जामताड़ा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर को जिला राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से पुराना कोर्ट परिसर स्थित महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा पर सामूहिक रूप से माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस दौरान राजद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता के विचारों, सिद्धांतों और आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान राजद नेताओं ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उन्होंने देश की आजादी के आंदोलन को जन-जन से जोड़कर समाज में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत किया। आज भी उनके विचार समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
राजद नेताओं ने कहा कि गांधीजी के सपनों का भारत तभी साकार हो सकता है, जब समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, समानता और सामाजिक न्याय की भावना मजबूत हो। उन्होंने आम लोगों से गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राजद जिलाध्यक्ष दिनेश यादव, प्रधान महासचिव अशोक चौधरी, पिछड़ा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रामप्रसाद सिंह, महिला जिलाध्यक्ष अर्चना कुमारी, प्रखंड अध्यक्ष योगेंद्र राय, जिला सांस्कृतिक मोर्चा अध्यक्ष मुन्ना यादव, जिला सचिव अजय यादव, राजद नेता विपिन वर्मा, राजू पासवान एवं राजू महतो सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






