कुशियारा गांव में भाजपा ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
उदय किशोर सिंह,संवाददाता
जामताड़ा।
जामताड़ा के गोरायनाला मंडल अंतर्गत सिउलीबाड़ी पंचायत के कुशियारा गांव में भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरधारी मंडल की अध्यक्षता में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मेडिकल टीम ने सैकड़ों ग्रामीणों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान रक्तचाप, रक्त शर्करा, हीमोग्लोबिन समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ जरूरत के अनुसार दवाओं का भी वितरण किया।
मौके पर भाजपा नेता मनीष दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने तथा उनके जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत देशभर में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जामताड़ा जिले में दूसरे दिन गोरायनाला मंडल के कुशियारा गांव में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग और जागरूक रहने की आवश्यकता है। पौष्टिक एवं संतुलित आहार के साथ योग और नियमित दिनचर्या को जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ रहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान तक सेवा कार्यों को पहुंचाना है, इसी उद्देश्य से सुदूर गांव में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जयदीप मलिक ने कहा कि मनीष दुबे के आमंत्रण पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कराई। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।
शिविर में सीएचओ असरिता किस्कू, एचएम मो. असगर अंसारी, एएनएम रंजू देवी और फार्मासिस्ट श्याम किशोर रविदास समेत मेडिकल टीम के सदस्य मौजूद रहे। शिविर के सफल संचालन में मंडल अध्यक्ष गिरधारी मंडल, भाजपा नेता अमर मंडल, नीलिमा दे समेत अन्य कार्यकर्ताओं की सराहनीय भूमिका रही।






