BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी-एसपी ने जिला नियंत्रण कक्ष का किया निरीक्षण।


संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी से निगरानी और त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश।
रिपोर्ट# उदय किशोर सिंह, जामताड़ा।
जामताड़ामें आगामी दुर्गापूजा एवं अन्य पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने वरीय अधिकारियों के साथ जिला नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं एसपी ने नियंत्रण कक्ष में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, निगरानी व्यवस्था, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली तथा पर्व-त्योहारों को लेकर की गई सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों से निगरानी व्यवस्था एवं त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए निगरानी एवं आसूचना तंत्र को और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने जिले के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर सीसीटीवी के माध्यम से प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने तथा नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई के लिए बेहतर समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
वहीं पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने भी पुलिस पदाधिकारियों को पर्व-त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मौके पर उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, पुलिस उपाधीक्षक नीलम कुजूर, एसडीपीओ जामताड़ा वसीम रजा, गोपनीय प्रभारी मिहिर सालकर, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।