गांधी जयंती पर समाहरणालय परिसर में चला स्वच्छता अभियान, अधिकारियों ने किया श्रमदान।
रिपोर्ट #उदय किशोर सिंह जामताड़ा।
जामताड़ा न्यूज:-राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जामताड़ा समाहरणालय परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत विशेष साफ-सफाई एवं जिला स्तरीय श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह समेत जिले के वरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता शपथ, सेल्फी प्वाइंट, हस्ताक्षर अभियान, फलदार पौधारोपण एवं सामूहिक श्रमदान सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वच्छता को दैनिक व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने घर, कार्यालय, गांव, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति सप्ताह में कम से कम दो घंटे सफाई के लिए निकाले। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का उद्देश्य केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति स्थायी व्यवहार परिवर्तन और जनभागीदारी की भावना विकसित करना भी है।
वहीं पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छता समाज के अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक होने की पहचान है। जिस प्रकार कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है, उसी प्रकार स्वच्छ वातावरण बनाए रखना भी सामूहिक दायित्व है। उन्होंने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे अपने व्यवहार और दिनचर्या का स्थायी हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने समाहरणालय परिसर में फलदार पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं सेल्फी प्वाइंट एवं हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
उपायुक्त के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंडों में भी ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विशेष साफ-सफाई एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रखंड सह अंचल कार्यालयों के अलावा पंचायत कार्यालयों में भी पदाधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य लोगों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी, नगर पंचायत जामताड़ा के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खण्डेत, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता रामप्रवेश राम, एसबीएम के जिला समन्वयक अनुज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।






