करौं में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट, इंस्पेक्टर ने किया पंडालों का निरीक्षण
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
करौं (देवघर) : शारदीय दुर्गा पूजा के सफल संचालन और विधि व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने को लेकर मधुपुर पुलिस इंस्पेक्टर रातु होनहागा ने रविवार को करौं बाजार स्थित पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ करौं थाना प्रभारी दीपक किशोर भारती भी मौजूद रहे।
इंस्पेक्टर ने करौं बाजार के चारों प्रमुख पूजा पंडालों - कर्णेश्वर दुर्गा मंदिर, आचार्य टोला दुर्गा मंदिर, केवट टोला दुर्गा मंदिर और बनिया टोला दुर्गा मंदिर का मौके पर जाकर जायजा लिया और विधि व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही बाजार क्षेत्र के मुख्य सड़कों का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान कर्णेश्वर दुर्गा मंदिर के पास मुख्य सड़क पर लगे ठेलों को हटवाया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि ठेलों के कारण यातायात व्यवस्था बाधित हो रही थी, जिससे पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती थी।
उन्होंने कर्णेश्वर मंदिर में पूजा समिति के सदस्यों से बातचीत कर पूजा की तैयारियों की जानकारी ली और कहा कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और अफवाह फैलाने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के सफल संचालन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और पैनी नजर रखे हुए है। इसे लेकर रविवार संध्या में फ्लैग मार्च का भी आयोजन किया गया था।
मौके पर सहायक थाना प्रभारी रामबचन सिंह, विकेश कुमार, पूजा समिति के शरदेंदु सिंह, राकेश कुमार, राकेश कुमार राय, हीरा लाल राय, गोपाल राय, चीगू राय, मनोज राय सहित दर्जनों पूजा समिति के सदस्य मौजूद थे।






