देवघर में अष्टमी पूजा की धूम, माता के दरबार में उमड़े श्रद्धालु
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : शारदीय नवरात्र के अष्टमी पूजन पर पूरा देवघर जिला भक्ति के रंग में रंग गया। सुबह से ही जिले के सभी दुर्गा पूजा पंडालों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। माता महागौरी की पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की।
जिले के मुख्यालय देवघर शहर के साथ-साथ सभी प्रखंडों - मोहनपुर, सारवां, सारठ, करौं, मधुपुर, मार्गोमुंडा, सोनारायठाढ़ी, देवीपुर, पालोजोरी और देवघर में अष्टमी पूजा धूमधाम से मनाई गई। हर पूजा पंडाल में आकर्षक विद्युत सज्जा, भव्य प्रतिमा और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शहर के आर. एल. सर्राफ स्कूल मैदान, कृष्णापुरी, विलासी, उपर विलासी, विलियम्स टाउन, बैद्यनाथपुर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के पंडालों में रविवार की सुबह महाअष्टमी के हवन और पुष्पांजलि का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में महिलाओं ने उपवास रखकर अंजलि दी। कई जगहों पर कुमारी पूजन और संधि पूजा भी विधि-विधान से संपन्न हुई।
मोहनपुर और देवीपुर प्रखंड के पंडालों में पारंपरिक बंगाल शैली की प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र रहीं, तो मधुपुर और सारठ में भव्य थीम पंडालों में श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। करौं, सारवां और सोनारायठाढ़ी में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से भंडारे का आयोजन किया। पालोजोरी और मार्गोमुंडा प्रखंड में भी प्रशासन की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से पूजा संपन्न हुई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सभी प्रमुख पंडालों में पुलिस बल, स्वयंसेवक और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई थी। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया था।
मान्यता है कि अष्टमी के दिन माता महागौरी की पूजा करने से सभी पाप धुल जाते हैं और भक्तों को मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के साथ देर रात तक पंडालों में जय माता दी के जयकारे गूंजते रहे।






