BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

लावालौंग में नाबालिग की मौत मामले में बड़ा खुलासा, सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप




पुलिस ने पांच विधि-विरुद्ध बालक-बालिकाओं को संरक्षण में लिया, एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर की कार्रवाई

रांची एक्सप्रेस संवाददाता

चतरा।  जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में जंगल में नाबालिग लड़की का शव फंदे से लटका मिलने के मामले में पुलिस ने गंभीर खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का नहीं, बल्कि यौन अपराध और हत्या का प्रतीत हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चतरा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।पुलिस की ओर से 18 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 16 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के जंगल में एक नाबालिग लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। वहां की परिस्थितियां संदिग्ध पाए जाने के बाद मामले की गहन जांच शुरू की गई।

मोबाइल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से बरामद मोबाइल फोन से मिले तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पांच विधि-विरुद्ध बालक-बालिकाओं को संरक्षण में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि 16 अक्टूबर की शाम नाबालिग लड़की को जंगल में बुलाया गया था।प्रेस विज्ञप्ति में पुलिस ने आरोप लगाया है कि वहां मौजूद तीन विधि-विरुद्ध बालकों ने लड़की के विरोध के बावजूद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई और घटना को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को गमछे के सहारे पेड़ पर लटका दिया गया।

एफएसएल जांच के लिए भेजे गए साक्ष्य

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल और मृतका के शरीर से अन्य भौतिक साक्ष्य भी मिले हैं। इन साक्ष्यों को जब्त कर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) में जांच के लिए भेजा गया है। मामले में लावालौंग थाना कांड संख्या 77/26, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1), 70(2), 103(1), 238 एवं 3(5) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4/6 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल पांच विधि-विरुद्ध बालक-बालिकाओं को किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चतरा श्री सनी वर्धन, पुलिस निरीक्षक पंकज कच्छप, लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विधायक प्रसाद यादव तथा लावालौंग थाना के सशस्त्र बल और स्थानीय चौकीदार शामिल थे।