BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

कहानियों, हुनर और जीवंत परंपराओं ने संवाद 2026 के चौथे दिन बटोरी सुर्खियां


जमशेदपुर, 18 नवंबर, 2026: झारखंड की समृद्ध विरासत से जुड़ा संवाद 2026 अपने चौथे दिन भी देशभर के विभिन्न समुदायों की आवाजों और अनुभवों को एक मंच पर लाता रहा। इस आयोजन ने एक ऐसाtn मंच प्रदान किया, जहां पारंपरिक ज्ञान और नए विचारों का संगम देखने को मिला। पारंपरिक उपचार पद्धतियों और जनजातीय व्यंजनों से लेकर सांस्कृतिक दस्तावेजीकरण और सिनेमा तक, दिनभर की गतिविधियों में जनजातीय समुदायों के ज्ञान, उनकी आकांक्षाओं और समृद्ध परंपराओं को सामने लाया गया। दिनभर हुई चर्चाओं में इस बात पर विशेष जोर रहा कि समुदायों के अनुभवों, परंपराओं और सांस्कृतिक प्रथाओं में निहित ज्ञान को दस्तावेज के रूप में संजोना, संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना कितना जरूरी है।

संवाद फेलोशिप के तहत विभिन्न जनजातीय समुदायों और ज्ञान परंपराओं के साथ काम कर रहे आठ आवेदकों ने अपने प्रस्ताव प्रस्तुत किए। उनके प्रस्तावों का मुख्य उद्देश्य उन परंपराओं और प्रथाओं का दस्तावेजीकरण करना था, जिनके धीरे-धीरे लुप्त होने का खतरा है, ताकि उन्हें आने वाली पीढ़ियों के लिए अभिलेख के रूप में संजोकर रखा जा सके। इन प्रस्तावों में त्योहारों, वस्त्रों, खान-पान, प्रेम और विवाह से जुड़ी परंपराओं, मौखिक इतिहास, खेल, भाषाओं और प्रदर्शन कलाओं जैसे विविध विषयों को शामिल किया गया।

जनजातीय उपचार पद्धतियों पर चर्चा के दौरान प्रतिभागियों ने पिछले दिन उठाए गए सवालों पर फिर से विचार किया और अपने अनुभव साझा किए। झारखंड के एक पारंपरिक वैद्य ने अपनी यात्रा के बारे में बताते हुए पारंपरिक उपचार पद्धतियों और औषधीय पौधों से जुड़े ज्ञान को संरक्षित करने के महत्व पर जोर दिया। इसके बाद, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पैकेजिंग, अहमदाबाद की ओर से पैकेजिंग और मार्केटिंग पर एक सत्र आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने जाना कि किस तरह सही पैकेजिंग उत्पादों को सुरक्षित रखने के साथ-साथ उनकी प्रस्तुति को बेहतर बना सकती है, ग्राहकों की रुचि बढ़ा सकती है और बाजार तक उनकी पहुंच का विस्तार कर सकती है।

जनजातीय व्यंजनों के माध्यम से पारंपरिक खान-पान की परंपराओं और उनके सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व को सामने लाया गया। हो जनजाति की रीता सामद ने ‘हेरोलाद’ के बारे में बताया। यह मोटे तौर पर कूटे गए चावल से तैयार किया जाता है, जिसे पत्तों में लपेटकर भाप में पकाया जाता है और पूर्वजों को अर्पित किया जाता है। एक अन्य सत्र में ‘दुरलान’ और टमाटर की चटनी के बारे में जानकारी दी गई। इस व्यंजन का संबंध मकर संक्रांति, काली पूजा और मागे परब जैसे त्योहारों से है।गोपाल मैदान में आयोजित ‘आतिथ्य’ के तहत आगंतुकों को विभिन्न जनजातीय समुदायों की खान-पान की परंपराओं का अनुभव करने का अवसर मिला। यहां 14 राज्यों की 24 जनजातियों का प्रतिनिधित्व कर रहे जनजातीय रसोइयों ने 100 से अधिक पारंपरिक व्यंजन प्रस्तुत किए।

रीता सामद ने कहा, “संवाद के माध्यम से मुझे एहसास हुआ कि हमारे खान-पान की अपनी एक अलग पहचान है और इसे दुनिया के सामने प्रस्तुत करने और पहचान दिलाने की जरूरत है। कई बार हमें खुद भी अपनी उन चीजों की अहमियत का एहसास नहीं होता, जिन्हें हम पीढ़ियों से अपनाते आ रहे हैं। हम रोज अपने पारंपरिक व्यंजन बनाते और खाते हैं, लेकिन यह नहीं समझ पाते कि उनकी भी अपनी एक विशिष्ट पहचान है।”

‘समुदाय के साथ’ सत्र में सिनेमा के माध्यम से जनजातीय कहानी कहने की परंपरा और उनके प्रतिनिधित्व के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। इस दौरान छह फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद फिल्म निर्माताओं ने अपनी रचनात्मक यात्रा, प्रेरणा और अपनी फिल्मों से जुड़े सामाजिक एवं सांस्कृतिक संदर्भों पर अनुभव साझा किए। फिल्म निर्माता मेघनाथ ने एक मास्टरक्लास का संचालन किया। इसमें आदिवासी सिनेमा के माध्यम से अपनी जड़ों से जुड़ाव, बदलती परिस्थितियों, संघर्षों के बीच मजबूती, नए नजरिए से चीजों को देखने और फिर से निर्माण करने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
संवाद में हुई चर्चाओं के बारे में टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरव रॉय ने कहा, “जब लद्दाख का कोई पारंपरिक उपचारकर्ता मेघालय के एक बुनकर के साथ बैठता है या ओडिशा की कोई घरेलू रसोइया यह महसूस करती है कि उसकी रोजमर्रा की रसोई में सदियों पुरानी सांस्कृतिक पहचान समाई हुई है, तो कुछ बदलता है। झारखंड में, जहां जनजातीय समुदायों ने पीढ़ियों से प्रकृति और सामूहिक जीवन के साथ गहरा रिश्ता बनाए रखा है, वहां इन संवादों को एक सार्थक मंच मिलता है। इससे यह समझने का अवसर मिलता है कि भारत के जनजातीय समुदायों को न तो खोजे जाने की जरूरत है और न ही उनकी ओर से किसी और को बोलने की। उनके पास पहले से ही प्रकृति, समुदाय और अपनी स्मृतियों के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने के गहरे अनुभव और सीख मौजूद हैं। हमारी भूमिका बस इतनी है कि हम थोड़ा ठहरकर, उनकी बातों को ध्यान से सुनें और उन्हें अपनी आवाज में अपनी बात कहने का अवसर दें।”

दिनभर की गतिविधियों के साथ ‘जोहार हाट’ भी आकर्षण का केंद्र रहा। यहां आगंतुकों को स्थानीय शिल्पकारों और उनकी कला को करीब से जानने-समझने का अवसर मिला। इसके साथ ही संवाद का अभिन्न हिस्सा रहे सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। शाम को स्थानीय लोगों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। डोंगरिया कोंध और महादेव कोली जनजातियों के पारंपरिक नृत्यों के साथ नागालैंड के हॉर्नबिल समूह और झारखंड के विकृत की यादगार प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।

संवाद 2026 के अंतिम दिन की ओर बढ़ते हुए, आगंतुकों को विभिन्न स्टॉल पर विशेष कीमतों का लाभ उठाने का अवसर मिलेगा। यह देशभर के जनजातीय समुदायों और शिल्पकारों द्वारा तैयार किए गए प्रामाणिक हस्तशिल्प और उत्पादों को देखने, खरीदने और अपने साथ ले जाने का एक अच्छा मौका है।पारंपरिक शिल्प और वस्त्रों से लेकर अनूठे हस्तनिर्मित उत्पादों तक, यहां देखने और खरीदने के लिए बहुत कुछ है। सभी स्टॉल आगंतुकों के लिए प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 9:30 बजे तक खुले रहेंगे।