दीपावली के मौके पर कैंसर से पीड़ित मरीजों के लिए टाटा वर्कर्स यूनियन ने शुरू किया रेस्ट हाउस
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रांची, जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के अथक प्रयासों से 114 बेड वाले अत्याधुनिक कैंसर रेस्ट हाउस का सपना दीपावली के दिन साकार हुआ। कैंसर से पीड़ित मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए राहत, सहयोग और उम्मीद को लेकर यह नई किरण लेकर है। दीपावली के अवसर पर कैंसर रेस्ट हाउस में 114 बेड के साथ आधुनिक सुविधाओं एवं केबिन की व्यवस्था शुरू की गयी। मरीजों और उनके परिजनों को आरामदायक एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा।
रेस्ट हाउस का उद्घाटन टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट सर्विसेज, डीबी सुंदरा रामम और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी (टुन्नू चौधरी) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। मौके पर यूनियन के महासचिव सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह, सभी पदाधिकारीगण एवं टाटा वर्कर्स यूनियन के अनेक सदस्य उपस्थित थे। यह प्रोजेक्ट टिमकेन फाउंडेशन, टाटा स्टील और टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा संयुक्त रूप से वित्त पोषित है, जबकि इसके संचालन और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी टाटा वर्कर्स यूनियन को दी गई है। टाटा स्टील के निरंतर सहयोग एवं टाटा वर्कर्स यूनियन के अथक प्रयासों के संयुक्त परिणामस्वरूप यह जनहितकारी सपना साकार हो पाया है। यह उपलब्धि टाटा वर्कर्स यूनियन के दूरदर्शी नेतृत्व, निरंतर प्रयासों एवं जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। यूनियन ने एक बार फिर साबित किया है कि वह केवल श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा ही नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए भी सदैव तत्पर है।


.jpg)


