सहकारिता समितियों को तकनीक से जोड़ने पर जोर, 2047 के विकसित भारत में योगदान का संकल्प
झारखंड को-ऑपरेटिव फेडरेशन की वार्षिक आमसभा में 204 सदस्यीय संगठन के विकास पर चर्चा, 22.18 लाख रुपये का शुद्ध लाभ
रांची। झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड, रांची की वार्षिक आमसभा शनिवार को इंद्रप्रस्थ पैलेस, हिंदपीढ़ी में आयोजित हुई। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से लैम्प्स, पैक्स (एमपीसीएस), औद्योगिक, हाउसिंग, क्रेडिट, लेबर, मत्स्य एवं डेयरी सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में सहकारिता आंदोलन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, युवाओं को इससे जोड़ने और समितियों को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में झारखंड की सहकारी समितियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।
फेडरेशन के अध्यक्ष सत्यइंद्र चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता की असली ताकत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में काम कर रही समितियों की एकजुटता में है। सहकारी संस्थाओं को तकनीक से संपन्न, पारदर्शी और आत्मनिर्भर आर्थिक इकाइयों के रूप में विकसित करने की जरूरत है। इसके लिए युवा पीढ़ी को सहकारिता से जोड़ने और उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण देने पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों के युवाओं को सहकारी उद्योगों में रोजगार और करियर के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार से पूंजी आधारित नीतियां बनाने की अपील की।
फेडरेशन के प्रबंध निदेशक एपी कुजूर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्तमान में फेडरेशन से 204 सदस्य जुड़े हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में फेडरेशन को 22,18,416.52 रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है। वहीं, अंकेक्षण में फेडरेशन को बी श्रेणी प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि फेडरेशन की चुकता शेयर पूंजी में सहकारी समितियों का योगदान 6.92 लाख रुपये और राज्य सरकार का योगदान 5.85 करोड़ रुपये है। फेडरेशन की 2.03 करोड़ रुपये से अधिक की राशि झारखंड राज्य सहकारी बैंक की हटिया शाखा में सावधि जमा के रूप में निवेशित है। वर्ष 2026 में लेवी के माध्यम से 12.69 लाख रुपये की वसूली हुई है।
आमसभा में उपविधियों में संशोधन, जिला एवं प्रखंड स्तर पर इकाइयों का गठन, नए सदस्यों को जोड़ने और तकनीकी सेल के गठन जैसे प्रस्तावों पर चर्चा की गई। तकनीकी सेल के माध्यम से लेखा-जोखा, डाटा प्रबंधन और प्रशिक्षण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक एपी कुजूर, निबंधक कार्यालय के मनोज कुमार सिन्हा, निदेशक मंडल के सदस्य गिरीधारी लाल यादव, राम प्रवेश यादव, फरहाना खातून, सैजुन निशा, अंजना कुमारी, कृष्णा यादव, दिलीप कुमार सिंह, रेखी देवी, जमुनी महली, ममता कुमारी, दीपक महतो, विजय कुमार और अजय सचदेवा सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे। निदेशक ममता कुमारी ने भी अभिभाषण दिया। अंत में अध्यक्ष सत्यइंद्र चौहान ने सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया।






