एनआईटी जमशेदपुर में आरएफ सर्किट, एंटीना एवं मेटासर्फेस पर एक सप्ताह के अनुसंधान एवं शोध-पत्र लेखन बूटकैंप RTRAM 2026 का शुभारंभ
जमशेदपुर, 19 नवंबर 2026: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में बुधवार, 18 नवंबर 2026 को अपराह्न 3:30 बजे “Recent Trends on RF Circuits, Antennas and Metasurfaces (RTRAM 2026)” विषय पर एक सप्ताह के अनुसंधान एवं शोध-पत्र लेखन बूटकैंप का भव्य शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम 18 से 22 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसका आयोजन IEEE Antennas and Propagation Society (AP-S) एवं Microwave Theory and Technology Society (MTT-S) के संयुक्त अध्याय, कोलकाता सेक्शन, Educational Activities Committee, IEEE Kolkata Section तथा IEEE AP-S एवं MTT-S Student Branch Chapter, NIT जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में SSSMehta Industries Ltd. के Whole-Time Director तथा Eastern Solaris Energy Pvt. Ltd. के Director श्री सुमित कुमार मेहता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एनआईटी जमशेदपुर के प्रभारी निदेशक प्रो. संजय, डीन (रिसर्च एंड कंसल्टेंसी) प्रो. सतीश कुमार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार, IIEST शिबपुर के मुख्य वक्ता प्रो. सुसांत कुमार पारुई, SAMEER कोलकाता के विशिष्ट वक्ता डॉ. सत्यजीत चक्रवर्ती तथा कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. सुरजीत कुंडू उपस्थित रहे। IEEE AP-S/MTT-S Joint Chapter, Kolkata Section के चेयर डॉ. कौशिक मंडल एवं IEEE Kolkata Section के चेयर प्रो. देबांशु डे ऑनलाइन माध्यम से समारोह में शामिल हुए।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात उपस्थित अतिथियों का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न तकनीकी संस्थानों से आए लगभग 30 प्रतिभागियों के साथ एनआईटी जमशेदपुर के ECE विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थी, शोधार्थी एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
स्वागत भाषण देते हुए डॉ. कौशिक मंडल ने इस बूटकैंप के महत्व पर प्रकाश डाला तथा अनुसंधान क्षमता के विकास और अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने में ऐसे आयोजनों की भूमिका को रेखांकित किया। डॉ. अखिलेश कुमार ने ECE विभाग की शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं, प्रो. सतीश कुमार ने एनआईटी जमशेदपुर के रिसर्च एंड कंसल्टेंसी डिवीजन द्वारा संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
प्रो. देबांशु डे ने संस्थान में इस प्रकार के शैक्षणिक एवं अनुसंधान-आधारित कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने पर जोर दिया। प्रभारी निदेशक प्रो. संजय ने वर्तमान तकनीकी परिदृश्य में अंतर्विषयक अनुसंधान (Interdisciplinary Research) के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों के समन्वय से ही भविष्य की जटिल समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है।
मुख्य अतिथि श्री सुमित कुमार मेहता ने अपने संबोधन में उद्योग एवं शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग (Industry-Academia Collaboration) की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि यह बूटकैंप शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को अनुसंधान समस्या की पहचान से लेकर शोध-पत्र लेखन, प्रकाशन तथा शोध परिणामों के प्रभावी प्रसार तक संपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अकादमिक अनुसंधान और औद्योगिक आवश्यकताओं के बीच सेतु स्थापित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास बताया।
इस बूटकैंप का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की अनुसंधान और शोध-पत्र प्रकाशन संबंधी क्षमताओं का विकास करना है। इसके अंतर्गत उन्नत एंटीना डिजाइन, आरएफ सर्किट, मेटामटेरियल, मेटासर्फेस, फ्रीक्वेंसी सेलेक्टिव सरफेस, इलेक्ट्रोमैग्नेटिक सिमुलेशन, माइक्रोवेव मापन तकनीक, LaTeX आधारित शोध-पत्र लेखन तथा संदर्भ प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम में IITs, NITs, IIEST शिबपुर, कलकत्ता विश्वविद्यालय, SAMEER सहित प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ अपना योगदान दे रहे हैं।
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. सुरजीत कुंडू ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने बूटकैंप के सफल आयोजन हेतु एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने सभी अतिथियों, विशेषज्ञ वक्ताओं, आयोजन समिति के सदस्यों, संकाय सदस्यों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार प्रकट किया।
समारोह का समापन राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। RTRAM 2026 से आरएफ इंजीनियरिंग, एंटीना एवं मेटासर्फेस जैसे उभरते तकनीकी क्षेत्रों में अनुसंधान सहयोग, नवाचार तथा उच्च गुणवत्ता वाले शोध प्रकाशनों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।





