पूजा पंडालों में खुले मां दुर्गा के दर्शन के पट, बेड़ो में मंत्री ने लिया मां का आशीर्वाद
संवाददाता विकास कुमार
बेड़ो: महादानी मंदिर दुर्गा बाड़ी, पाकलमेड़ी, खत्रीखटंगा, तुको, मुरतो, दिघीया, घाघरा व ईटाचिल्द्री गांवों स्थित पंडालों में नव पत्रिका प्रवेश पूजा के साथ ही पूजा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन के लिए पट खोल दिया गया। शारदीय नवरात्र में स्थापित मां दुर्गा की महासप्तमी को कालरात्रि स्वरूप की पूजा-अर्चना व आराधना की गई। मान्यता है कि दुर्गा मां के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा करने से भक्तों के भय एवं दुख का हरण कर मां मनोकामना पूर्ण करती हैं। इधर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने महादानी मंदिर परिसर स्थित पंडाल में माथा टेका और मां दुर्गा से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने विशेष रूप से किसानों पर मां का आशीर्वाद बना रहने की प्रार्थना की। पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर ने मां दुर्गा से नव भारत के रूप में विकसित भारत के विश्व पटल पर स्थापित होने की कामना की। इधर पूरे ग्रामीण क्षेत्रों में नवरात्र को लेकर वैदिक मंत्रों के उच्चारण व भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। वहीं डीएसपी दीपक कुमार व थाना प्रभारी मो. कफील अहमद ने विभिन्न पंडालों का निरीक्षण किया। साथ ही समिति के सदस्यों को सुरक्षा व अन्य सावधानियां बरतने का दिशा-निर्देश दिया।






