मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर डीसी-एसपी ने लुकैयाटांड़ में किया स्थल निरीक्षण
27 नवंबर को लुकैयाटांड़ में शहीद सोबरन मांझी के 69वें शहादत दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे हेमंत सोरेन, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों का लिया जायजा
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोला। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को रामगढ़ जिले के उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने संयुक्त रूप से गोला प्रखंड अंतर्गत बरलंगा पंचायत के लुकैयाटांड़ स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री 27 नवंबर को अपने दादाजी शहीद सोबरन मांझी के 69वें शहादत दिवस कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं। कार्यक्रम के सफल, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।
आधारभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल की भौतिक स्थिति, उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने संभावित भीड़, आगंतुकों एवं आम नागरिकों के आवागमन, वाहनों के परिचालन, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की।
समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश
उपायुक्त ऋतुराज ने संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ-सफाई, समुचित बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, निर्बाध आवागमन सहित अन्य जरूरी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता एवं मुस्तैदी से कार्य करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।






