‘जीरो हार्म’ संकल्प के तहत बीएफसीएल में सुरक्षा प्रशिक्षण, आपात मदद के लिए तैयार होंगे कर्मचारी
रामगढ़। बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) की हास्प यूनिट स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण हॉल में बुधवार को कर्मचारियों के लिए प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यस्थल पर दुर्घटना या किसी अन्य आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने, जीवनरक्षक उपायों की जानकारी देने और कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के नामित कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आपात स्थिति में त्वरित सहायता देने के बताए तरीके
प्रशिक्षण सत्र का संचालन कंपनी के कारखाना चिकित्सा पदाधिकारी डॉ लेख राज ने किया। उन्होंने कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार के बुनियादी सिद्धांतों की जानकारी देते हुए रक्तस्राव रोकने, घावों की देखभाल, जलने की स्थिति में प्राथमिक सहायता देने तथा सर्पदंश जैसी आपात परिस्थितियों में आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने समझाया कि आपात स्थिति में सही समय पर उचित प्राथमिक उपचार मिलने से घायल व्यक्ति की स्थिति को गंभीर होने से बचाया जा सकता है।
जीवनरक्षक तकनीकों का दिया गया प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान बुनियादी जीवनरक्षक सहायता तथा हृदय एवं फेफड़ों को पुनः सक्रिय करने की प्रक्रिया (सीपीआर) की महत्ता पर विशेष जोर दिया गया। कर्मचारियों को आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने, पीड़ित को शुरुआती जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराने तथा व्यावहारिक तौर पर किन सावधानियों का पालन करना चाहिए, इसकी जानकारी दी गई।
दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित कार्यसंस्कृति पर जोर
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कंपनी के पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की ओर से आयोजित किया गया। कंपनी प्रबंधन कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण विकसित करने, दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।






