गुरबाणी और कीर्तन से भक्तिमय हुई सुबह, छाबड़ा परिवार ने किया साध संगत का स्वागत
रामगढ़। सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर रामगढ़ में प्रभात फेरियों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को आठवें दिन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। अहले सुबह पांच बजे शुरू हुई प्रभात फेरी शुरू होकर सुभाष चौक, मेन रोड होते हुए पंजाबी मोहल्ला पहुंची। यहां से श्रद्धालु नवतेज सिंह छाबड़ा के आवास पहुंचे, जहां उनके परिवार की ओर से साध संगत का फूलों से भव्य स्वागत किया गया।
गुरबाणी और शबद कीर्तन से गूंजा शहर
प्रभात फेरी में निशान साहिब लेकर सरदार गुरजोत सिंह सैनी अगुवाई कर रहे थे। उनके पीछे महिला, पुरुष और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरबाणी और शबद कीर्तन करते हुए चल रहे थे। इस दौरान 'सबना दा मां पिओ आप है' सहित गुरु महिमा से जुड़े शबदों के गायन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु गुरु नानक देव जी की भक्ति में लीन होकर उनके संदेशों का स्मरण करते नजर आए।
छाबड़ा परिवार ने किया साध संगत का स्वागत
नवतेज सिंह छाबड़ा के आवास पर पहुंचने पर परिवार के सदस्यों ने साध संगत का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से सरदार दलजीत सिंह किंगरा ने नवतेज सिंह छाबड़ा को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
शनिवार को मोटर स्थित आवास पहुंचेगी प्रभात फेरी
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मीडिया प्रभारी करमजीत सिंह जग्गी ने बताया कि शनिवार को प्रभात फेरी स्वर्गीय सरदार इंद्रजीत सिंह कोहली के रामगढ़ मोटर स्थित आवास पहुंचेगी। प्रकाश पर्व को लेकर प्रतिदिन निकाली जा रही प्रभात फेरियों में साध संगत की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है।
कमेटी के पदाधिकारी और श्रद्धालु रहे शामिल
प्रभात फेरी में गुरुद्वारा साहिब के प्रधान परमदीप सिंह कालरा, मीत प्रधान अमरजीत सिंह सैनी, सचिव हरदीप सिंह होरा, खजांची रघुवीर सिंह छाबड़ा, हेड ग्रंथी गुरविंदर सिंह सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे भी प्रभात फेरी में शामिल हुए।






