दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए पीवीयूएनएल और एएलआईएमसीओ में हुआ करार, लगेगा आकलन शिविर
पतरातू। पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड ने दिव्यांगजनों के कल्याण, सशक्तीकरण एवं जीवन की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से आर्टिफिशियल लिम्ब्स मैन्युफैक्चरिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के अंतर्गत पीवीयूएनएल द्वारा पतरातू एवं आसपास के क्षेत्रों में जरूरतमंद दिव्यांगजनों की पहचान के लिए एक आकलन शिविर का आयोजन किया जाएगा। उक्त जानकारी पीवीयूएनएल पतरातू ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार शिविर के माध्यम से पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों का पंजीकरण कर उनकी आवश्यकताओं का आकलन किया जाएगा। आकलन एवं चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में अधिक आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिल सके। आवश्यक सहायता प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी गतिशीलता बढ़ाने तथा सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार सहगल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ शिप्रा रानी व मानव संसाधन विभाग प्रमुख जियाउर रहमान शामिल थे।






