धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का देते हैं संदेश : सुधीर मंगलेश
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। दुलमी प्रखंड अंतर्गत सिकनी गांव में नवरात्र की षष्ठी तिथि के अवसर पर बीती रात भक्ति जागरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुलमी प्रखंड बीससूत्री अध्यक्ष सुधीर मंगलेश शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर विधिवत रूप से भक्ति जागरण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सुधीर मंगलेश ने कहा कि नवरात्र का पर्व शक्ति, भक्ति, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। मां दुर्गा की आराधना से समाज में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव का संदेश मिलता है। धार्मिक आयोजनों से लोगों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि झारखंड की संस्कृति और परंपरा में धार्मिक आयोजनों का विशेष महत्व है। ऐसे आयोजन हमारी आस्था और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। भक्ति जागरण के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। माता रानी के भजनों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि उमाशंकर महतो, पूजा समिति के अध्यक्ष जलेश्वर महतो, सचिव भोटन महतो, कोषाध्यक्ष राजकिशोर महतो, संजय महतो, संजित महतो, विकास कुमार, बिक्की कुमार, कैलाश महतो, महेंद्र महतो, छोटेलाल महतो, आनंद कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।






