रामगढ़ को मिला पहला डाक अधीक्षक, कुमार अनूप ने माँ छिन्नमस्तिके के आशीर्वाद से संभाला पदभार
रजरप्पा
नवनिर्मित रामगढ़ डाक प्रमंडल के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया। रामगढ़ को स्वतंत्र प्रमंडल का दर्जा मिलने के बाद पहली बार किसी अधीक्षक ने पदभार ग्रहण किया है। इस गौरवशाली क्षण के साक्षी बने रामगढ़ प्रमंडल के प्रथम डाक अधीक्षक कुमार अनूप। कुमार अनूप ने अपने कार्यकाल की शुरुआत आस्था और संस्कार के साथ की। पदभार ग्रहण करने से पहले वे विश्व प्रसिद्ध सिद्धपीठ माँ छिन्नमस्तिके मंदिर, रजरप्पा पहुंचे, जहाँ उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता से प्रमंडल की सफलता, जनसेवा और उत्तम कार्य के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। इस पूरे ऐतिहासिक स्वागत समारोह का सफल आयोजन रामगढ़ पूर्वी अनुमंडल के कर्तव्यनिष्ठ डाक अधिदर्शक सर्वेश कुमार के कुशल नेतृत्व में हुआ। सर्वेश कुमार ने अपनी टीम के साथ मिलकर पूरे कार्यक्रम को भव्य और गरिमामय बनाया। मंदिर परिसर में उन्होंने शाखा डाकपाल सुदीप गोस्वामी के साथ मिलकर कुमार अनूप का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें सम्मानपूर्वक प्रमंडल मुख्यालय लेकर आए। इस अवसर पर सर्वेश कुमार ने कहा, "यह रामगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। हमें अपने प्रथम डाक अधीक्षक के रूप में कुमार अनूप सर जैसा अनुभवी और दूरदर्शी नेतृत्व मिला है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके कुशल मार्गदर्शन में रामगढ़ डाक प्रमंडल सेवा, भरोसा और गति के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और अंतिम व्यक्ति तक डाक सेवाएं और बेहतर तरीके से पहुंचेंगी।
वहीं रामगढ़ मुख्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में सहायक डाक अधीक्षक ब्रजेश पासवान, डाक निरीक्षक आशीष पांडेय, पोस्टमास्टर जसीम खान, नसीम अख्तर, सरोज कुमार, प्रियम, रवि कुमार, आशीष झा, राहुल कुमार, शैलेंद्र कुमार सिंह, राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रथम अधीक्षक का पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।


.jpg)


