झारखंड बंद के दौरान गोला डीवीसी चौक पर आंदोलनकारियों ने किया सड़क जाम
हरवे-हथियार के साथ सड़क पर उतरे आंदोलनकारी, रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर वाहनों की लगी लंबी कतार
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोला। झारखंड आंदोलनकारियों के आह्वान पर बुधवार को झारखंड बंद के दौरान गोला डीवीसी चौक पर आंदोलनकारियों ने सड़क जाम कर दिया। बड़ी संख्या में आंदोलनकारी हरवे-हथियार के साथ डीवीसी चौक पहुंचे और बीच सड़क पर बैठकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। सड़क जाम होने से रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा के जिला अध्यक्ष कार्तिक महथा ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारी पिछले 26 वर्षों से मान-सम्मान, पेंशन सहित अन्य मांगों को लेकर सरकार से लगातार आग्रह करते आ रहे हैं। उनका आरोप है कि सरकार की ओर से उनकी मांगों पर अपेक्षित पहल नहीं की जा रही है। इसी के विरोध में आंदोलनकारियों को सड़क पर उतरकर आंदोलन करना पड़ रहा है। आंदोलनकारियों ने कहा कि उनकी मांगों को जब तक पूरा नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने सरकार से अपनी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की। सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद गोला सीओ सीताराम महतो एवं थाना प्रभारी अभिषेक कुमार पहुंचे और आंदोलनकारियों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन आंदोलनकारी अपनी मांगों पर कायम रहे। सड़क जाम के कारण रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। सवारी वाहनों के जाम में फंसने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। समाचार भेजे जाने तक सड़क जाम लगा था और मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित था। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष जटाधारी साव, लखन प्रसाद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में आंदोलनकारी शामिल थे।






