शारदीय नवरात्र पर फूलों से सजा मां छिन्नमस्तिका मंदिर, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में शारदीय नवरात्र को लेकर धार्मिक उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। नवरात्र के अवसर पर मंदिर परिसर को विभिन्न प्रकार के आकर्षक एवं रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। फूलों से की गई भव्य सजावट के कारण मां का दरबार दिव्य आभा से आलोकित हो उठा है और यह श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मंदिर की आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं को काफी प्रभावित कर रही है। मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद भक्त मंदिर परिसर में की गई फूलों की सजावट के साथ तस्वीरें और सेल्फी लेते नजर आए।
सुबह से ही श्रद्धालुओं का लगा तांता
रजरप्पा मंदिर परिसर में शनिवार को भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने मां छिन्नमस्तिका के दरबार में माथा टेककर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालु हवन, मंत्रोच्चार एवं साधना में लीन नजर आए। परिवार के साथ पहुंचे भक्तों ने मां से सुख-शांति, समृद्धि एवं आरोग्यता की कामना की।
सप्तमी तिथि पर मां कालरात्रि की आराधना
शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि पर मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की विधि-विधानपूर्वक आराधना की गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्ति और साधना के माहौल से सराबोर रहा। सुबह से ही मंदिर परिसर में पूजा-पाठ और मंत्रोच्चार की गूंज सुनाई देती रही। श्रद्धालुओं ने परिवार के साथ मां कालरात्रि की विशेष पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया।






